राजपाल यादव जेल से रिहा,  तिहाड़ से बाहर आकर कहा,  बच्चे, बूढ़े, बॉलीवुड सबने प्यार दिया  

राजपाल यादव 9 करोड़ रुपये के कर्ज और चेक बाउंस केस में तिहाड़ जेल से रिहा हो गए। 17 फरवरी की शाम 5 बजे वह जेल से बाहर आए और मीडिया से बात की। राजपाल यादव ने सपोर्ट के लिए सबका शुक्रिया अदा किया और कहा कि अगर उन पर आरोप हैं, तो वह जवाब देने के लिए उपलब्ध हैं।

Feb 17, 2026 - 20:24
 0
राजपाल यादव जेल से रिहा,  तिहाड़ से बाहर आकर कहा,  बच्चे, बूढ़े, बॉलीवुड सबने प्यार दिया  


 
नई दिल्ली। एक्टर राजपाल यादव जेल से रिहा हो गए हैं। सभी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद एक्टर को 17 फरवरी की शाम 5 बजे तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया। वह 9 करोड़ रुपये के कर्ज और चेक बाउंस केस में तिहाड़ जेल में बंद थे। राजपाल यादव ने जेल से बाहर आने के बाद मीडिया से बात की और कहा कि उनके साथ पूरे देश का सपोर्ट रहा और अगर उन पर कोई आरोप है, तो उसका जवाब देने के लिए वह हर जगह और चौराहे पर उपलब्ध रहेंगे। साथ ही कहा कि बाकी कानूनी बातें सिर्फ उनके वकील भास्कर उपाध्याय ही बता पाएंगे।

राजपाल यादव ने दिल्ली हाई कोर्ट के 4 फरवरी को आदेश के बाद 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था। राजपाल यादव ने भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए कोर्ट में अंतरिम जमानत के लिए याचिका दाखिल की थी, जिस पर 12 फरवरी को सुनवाई हुई थी, पर कोर्ट ने जमानत नहीं दी और सुनवाई 16 फरवरी तक के लिए टाल दी थी। सोमवार 16 फरवरी को राजपाल यादव द्वारा डेढ़ करोड़ रुपये विपक्षी पार्टी को दिए जाने के बाद उन्हें अंतरिम जमानत दी गई। हालांकि, यह सिर्फ 18 मार्च तक मिली है। 18 तारीख को राजपाल यादव को दिल्ली हाई कोर्ट में मौजूद रहना होगा।  
 
तिहाड़ जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव ने मीडिया से कहा, 'जो भी लीगल जानकारी लेनी हो, तो आप हमारे वकील साहब भास्कर उपाध्याय से पूछ सकते हैं। बाकी मैं जनरल बात ये कहना चाहूंगा कि मुझे 30 साल हो जाएंगे बॉलीवुड में। पूरे देश का, दुनिया का बच्चा-बच्चा मेरे साथ रहा तभी तो मैं 200-250 फिल्में कर पाया। ये किस्सा 2012-13 में शुरू हुआ था, 2026 में मैं 200-250 फिल्में किए हुए हूं। भारतीय सिनेमा का बच्चा-बूढ़ा और नौजवान मेरे कलेजे का टुकड़ा है। वो मेरे साथ था और साथ है। पिछले 10 साल में माननीय हाई कोर्ट ने जहां-जहां आदेश दिए मैं वहां-वहां हाजिर रहा। आगे भी जहां-जहां आदेश होगा, मैं बिल्कुल हाजिर रहूंगा।'

जो भी लीगल जानकारी लेनी हो, तो आप हमारे वकील साहब भास्कर उपाध्याय से पूछ सकते हैं। बाकी मैं जनरल बात ये कहना चाहूंगा कि मुझे 30 साल हो जाएंगे बॉलीवुड में। देश का बच्चा-बूढ़ा और नौजवान मेरे कलेजे का टुकड़ा है। वो मेरे साथ था और साथ है। पिछले 10 साल में माननीय हाई कोर्ट ने जहां-जहां आदेश दिए मैं वहां-वहां हाजिर रहा। आगे भी जहां-जहां आदेश होगा, मैं बिल्कुल हाजिर रहूंगा।
जेल से बाहर आकर बोले राजपाल यादव

राजपाल यादव ने आगे कहा, 'बाकी जो कानूनी दांव होते हैं, वो मैं आपको नहीं बता पाऊंगा। मेरे साथ सबका समर्थन था। जो लोग सोशल मीडिया पर नहीं हैं, वो भी मेरे सपोर्टर हैं। बचपन से लेकर 55 तक, 150 करोड़ लोग हैं, तो उनसे हमारा व्यवहार रहा होगा और बाकी सबके साथ हमारा एंटरटेनमेंट का रिश्ता है। और मुझे जिस तरीके से पूरे देश ने और मेरे पूरे बॉलीवुड ने प्यार दिया, तो मुझ पर अगर कोई आरोप है, तो मैं 100% हर जगह, हर चौराहे पर उपलब्ध हूं रिप्लाई के लिए। थैंक यू हाई कोर्ट मुझे सुनने के लिए।'

वहीं, राजपाल यादव को अंतरिम जमानत मिलने के बाद भाई श्रीपाल ने दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले पर रिएक्ट किया। उन्होंने बताया कि परिवार में खुशी का माहौल तो है, लेकिन अभी उनके परिवार के अच्छे दिन आने बाकी हैं। उधर, राजपाल को अंतरिम जमानत मिलने के बाद उनके वकील भास्कर उपाध्याय ने मीडिया से बातचीत में एक-एक पाई का हिसाब दिया था। उन्होंने बताया था कि एक्टर ने विपक्षी पार्टी को कितनी रकम वापस कर दी है और कितनी बाकी है।

राजपाल यादव को 1.5 करोड़ का डीडी जमा कराने के बाद अंतरिम जमानत मिली थी, पर साथ ही कोर्ट ने कुछ शर्तें भी लगाई थीं। जैसे कि उनका पासपोर्ट कोर्ट के पास जमा रहेगा। वह बिना इजाजत देश छोड़कर कहीं नहीं जा सकते। साथ ही उन्हें एक लाख रुपये का बेल बॉन्ड भी भरना होगा और जो 25 लाख रुपये का डीडी रजिस्ट्रार जनरल के नाम कोर्ट में लाए थे, वह भी कोर्ट में जमा करवाना होगा।

राजपाल यादव जेल गए, तो पूरा बॉलीवुड उनके सपोर्ट में खड़ा हो गया। सोनू सूद से लेकर गुरु रंधावा, मीका सिंह, अनूप जलोटा, गुरमीत चौधरी, वरुण धवन, डेविड धवन, सलमान खान और अजय देवगन समेत राजनेता तेज प्रताप यादव तक ने उनकी मदद की। कई सेलेब्स ने राजपाल यादव के बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर किए। वहीं, जेम्स ट्यून्स म्यूजिक के मालिक राव इंद्रजीत सिंह यादव ने 1.11 करोड़ रुपये देकर राजपाल यादव की आर्थिक मदद की थी। इसके अलावा बॉक्सर विजेंदर सिंह ने राजपाल यादव को फिल्म ऑफर की, तो डायरेक्टर प्रियदर्शन ने अपनी नई फिल्म में राजपाल यादव की फीस बढ़ा दी।

मालूम हो कि राजपाल यादव को साल 2010 से जुड़े एक केस में जेल जाना पड़ा था। तब उन्होंने एक फिल्म बनाई थी 'अता पता लापता', जिसे डायरेक्ट करने के लिए उन्होंने मुरली प्रोजेक्ट्स नाम की प्राइवेट कंपनी से 5 करोड़ रुपये लिए थे। लेकिन फिल्म फ्लॉप हो गई, जिसके कारण राजपाल यादव पैसों की तंगी में फंस गए। जो पैसे लगाए लगाए थे, वो भी डूब गए। राजपाल यादव मुरली प्रोजेक्ट्स से लिए पैसे भी नहीं लौटा पाए और बीतते वक्त के साथ ब्याज लगकर रकम 9 करोड़ रुपये जा पहुंची। इस दौरान राजपाल यादव ने कंपनी को सात चेक भी दिए, पर वो बाउंस हो गए। साल 2018 में मामला कोर्ट में पहुंचा। कंपनी ने राजपाल यादव के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया था। उस पर तब सुनवाई हुई, तो राजपाल यादव ने दिल्ली हाई कोर्ट में अपील की थी, जहां से उन्हें मामले में राहत मिली। इसका आधार आपसी समझौता था, पर उसके बाद भी राजपाल यादव पैसे नहीं लौटा पाए। तब उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा था।