बारिश के बाद राखी की रौनक: बसें ठसाठस, घेवर साफ और जेल में भी बंधी राखियां
आगरा। रक्षाबंधन के खास दिन आगरा में सुबह का माहौल बारिश से भीगा-भीगा रहा। रातभर की झमाझम बारिश का सिलसिला सुबह तक जारी रहने से बहनें घरों में ही रहीं, लेकिन जैसे ही बारिश थमी, घर, गलियां और बाजार राखी के रंग में रंग गए। बहनें भाइयों के घर जाने के लिए घरों से निकल पड़ीं और शहर की रफ्तार एकदम बदल गई।
रोडवेज बसें बनीं राखी एक्सप्रेस
यूपी रोडवेज ने इस दिन बहनों के लिए एक सहयात्री के साथ मुफ्त यात्रा की सुविधा दी हुई है, जो विगत दिवस सुबह से ही शुरू हो चुकी है और कल रात 12 बजे तक कायम रहेगी। नतीजा यह हुआ कि आगरा में आईएसबीटी से लेकर शहर के सभी बस अड्डों पर बसें ठसाठस भर गईं। जगह-जगह बहनें बसों का इंतजार करती नजर आईं, और कई को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा। जिनके पास अपने वाहन थे, वे सीधे अपने भाइयों के पास निकल पड़ीं।
जेल की दीवारों के भीतर भी राखी का स्नेह
आगरा जिला जेल में बड़ी संख्या में बहनें पहुंचीं, जहां वे अपने बंदी भाइयों को राखी बांधने आई थीं। राखी और मिठाई के साथ आंखों में भावनाओं का सैलाब साफ दिख रहा था। जेल में ऐसा नजारा देखने को मिला, जहां रक्षाबंधन ने दीवारों के पार रिश्तों की गर्माहट पहुंचा दी।
मिठाइयों पर टूटा ग्राहकों का प्यार
रक्षाबंधन पर मिठाई की दुकानों पर भी जबरदस्त भीड़ उमड़ी। घेवर की डिमांड को देखते हुए नामचीन हलवाइयों से लेकर गली-मोहल्लों के हलवाइयों ने पहले ही तैयारी कर रखी थी। फिर भी दोपहर तक मिठाइयों की दुकानों से घेवर पूरी तरह साफ हो गया था।
सड़कों पर है भारी ट्रैफिक
रक्षाबंधन के कारण आज सड़कों पर भी भारी ट्रैफिक है। वैसे बीते कल भी रक्षाबंधन से एक दिन पहले भी इसी त्योहार की वजह से सड़कों पर वाहनों की भारी भीड़ थी। यही सिलसिला आज भी चल रहा था। बाईपास समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहकर ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए मशक्कत करते देखे गये।