आगरा में स्कूली छात्राओं की अगुवाई में निकली रैली में ग्राहक अधिकारों की अलख जगाई गई

ग्राहकों को उनके अधिकारों के प्रति सजग और सशक्त बनाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने आगरा में ग्राहक जागरण पखवाड़े की शुरुआत एक भव्य जागरूकता रैली के साथ की। स्कूली छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने इस रैली को विशेष रूप से प्रभावशाली बना दिया, जिसने आमजन का ध्यान उपभोक्ता हितों की ओर आकर्षित किया।

Dec 16, 2025 - 18:52
 0
आगरा में स्कूली छात्राओं की अगुवाई में निकली रैली में ग्राहक अधिकारों की अलख जगाई गई
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के बैनर तले छात्राओं द्वारा मंगलवार को निकाली गई जागरूकता रैली की एक झलक।

आगरा। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा मंगलवार को बल्केश्वर कॉलोनी में ग्राहक जागरण पखवाड़े का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित ग्राहक जागरूकता रैली में सैकड़ों स्कूली छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

रैली की शुरुआत बल्केश्वर स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज से हुई, जो शिवपुरी, बल्केश्वर चौराहा और नंदी चौक से होती हुई कमला नगर थाना पर जाकर सम्पन्न हुई। रैली के माध्यम से बाजार में होने वाली भ्रामक गतिविधियों, उपभोक्ता शोषण और जागरूक ग्राहक बनने के संदेश दिए गए।

जिलाध्यक्ष पार्षद मुरारी लाल गोयल ‘पेन्ट’ ने बताया कि ग्राहक जागरण पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और शिकायत निवारण की प्रक्रिया से अवगत कराना है, ताकि वे किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी का शिकार न बनें।

कार्यक्रम संयोजक सुमन गोयल ने जानकारी दी कि पखवाड़े के अंतर्गत दिसंबर माह में एक विशेष ग्राहक जागरूकता गोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें विषय विशेषज्ञ उपभोक्ताओं को कानूनी अधिकारों, उपभोक्ता संरक्षण कानूनों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देंगे।

उन्होंने बताया कि 24 दिसंबर को राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पखवाड़े के दौरान लगातार विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ चलाई जाएंगी, जिससे शहर का प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के प्रति सजग हो सके। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड कैंप का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर अशोक बाबू गुप्ता, बनवारी लाल जिंदल, हरिओम गोयल, विश्वनाथ भारद्वाज, मयंक खंडेलवाल, कुमकुम उपाध्याय, मीनाक्षी शर्मा, पूजा जैन, अमित ग्वाला सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor