रमेश वर्मा गाड़ी से नेपाल से कश्मीर तक की दूरियां नाप चुके थे
आगरा। भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश वर्मा के सड़क हादसे में करुणांत पर सभी आश्चर्यचकित हैं, क्योंकि उनके बारे में सभी जानते थे कि वे बहुत कुशल ड्राइवर थे। खुद गाड़ी चलाकर उन्होंने ऐसे दुर्गम स्थलों तक यात्रा की थी, जहां गाड़ी चलाने के बारे में अच्छे-अच्छे ड्राइवरों को भी पसीने छूटते हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता अवधेश रावत बताते हैं, रमेश वर्मा के साथ उन्होंने खुद भी बहुत लम्बी-लम्बी यात्राएं कार से की हैं। वे खुद गाड़ी चलाते थे। अभी कुछ समय पहले ही वे अपने कुछ मित्रों के साथ कार से ही नेपाल की राजधानी काठमांडू गए। इस लम्बी यात्रा में गाड़ी रमेश वर्मा ने ही चलाई।
रमेश वर्मा कार से ही जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड के चारों धाम और हिमाचल प्रदेश में रोहतांग दर्रा तक खुद ड्राइविंग कर जा चुके थे। उनके साथ जाने वालों को भी उनकी कुशल ड्राइविंग पर बहुत नाज था। ड्राइविंग में इतने कुशल माने जाने वाले रमेश वर्मा कल रात गाड़ी चलाते समय ही हादसे का शिकार हुए, इसका उनके जानने वालों को भरोसा नहीं हो रहा।
सभी यह सोच-सोच कर परेशान हैं कि जो रमेश वर्मा दुर्गम पहाड़ी इलाको में भी बहुत कुशलता से गाड़ी चला लेते थे, वे हाईवे के होडल टोल प्लाजा पर दुर्घटना का शिकार हुए, जहां पर बहुत लाइटें लगी हुई हैं। टोल पर डिवाइडर भी नहीं था। ऐसी जगह पर खड़े ट्रोला में उनकी कार का टकरा गई।