संस्कारों की पाठशाला बना रंगजी हाइट्स, नौनिहाल सीखेंगे संस्कृति और सेवा का पाठ

आगरा। भारतीय संस्कृति की जड़ों से बच्चों को जोड़ने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद अमृतम शाखा द्वारा आयोजित तीन दिवसीय बाल संस्कार शिविर का शुभारंभ शुक्रवार को गैलाना रोड स्थित रंगजी हाइट्स परिसर में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने दीप प्रज्वलन कर शिविर का विधिवत उद्घाटन किया।

Jun 6, 2025 - 18:26
 0
संस्कारों की पाठशाला बना रंगजी हाइट्स, नौनिहाल सीखेंगे संस्कृति और सेवा का पाठ
गैलाना रोड स्थित रंगजी हाइट्स परिसर में भारत विकास परिषद अमृतम शाखा द्वारा आयोजित बाल संस्कार शिविर के शुभारंभ पर दीप प्रज्वलन करते मुख्य अतिथि राजकुमार गुप्ता। साथ में कुलभूषण गुप्ता (राम भाई), उमेश बंसल, अखिलेश भटनागर आदि।

-भारत विकास परिषद अमृतम शाखा का तीन दिवसीय बाल संस्कार शिविर प्रारंभ, उद्घाटन में जुटे संस्कारसेवी

संस्कार निर्माण से राष्ट्र निर्माण तक

मुख्य अतिथि राज कुमार गुप्ता ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, यह शिविर भावी पीढ़ी में भारतीयता, नैतिकता और सेवा-भावना का बीजारोपण करता है। आज के बच्चे जब ऐसे संस्कारों से पोषित होंगे, तो वे कल के सक्षम और संवेदनशील राष्ट्रनिर्माता बनेंगे।

श्लोक पाठ से लेकर नाटिका तक

शिविर के प्रारंभिक दिन बच्चों ने गुरुवंदना, भारत को जानो प्रश्नावली, श्लोक पाठ और रानी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन पर आधारित प्रेरणादायक नाटिका जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन सत्रों का संचालन गुंजन गोयल, यशिका गर्ग, संचिता बिंदल, रेखा अग्रवाल, उर्मिल बंसल और भावना भार्गव द्वारा किया गया।

तीनों दिन रचनात्मक व संस्कारात्मक सत्र

कार्यक्रम संयोजक गौरव बिंदल, उपाध्यक्ष महेश गोयल और गौरांग गर्ग ने बताया कि अगले दो दिनों में बच्चों के लिए विभिन्न रचनात्मक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियाँ आयोजित होंगी। रविवार को जुंबा डांस प्रस्तुति, गुरुवंदना और पुरस्कार वितरण के साथ शिविर का समापन होगा।

भारत को जानो प्रतियोगिता

प्रांतीय संस्कार प्रमुख अखिलेश भटनागर ने भारत को जानो नामक राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के बारे में बच्चों व अभिभावकों को जानकारी दी, जिससे उनमें देश व संस्कृति के प्रति जिज्ञासा और जागरूकता उत्पन्न हो।

परिषद के इन पदाधिकारियों की रही उपस्थिति

शिविर शुभारंभ सत्र में परिषद अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता (राम भाई), प्रांतीय अध्यक्ष उमेश बंसल, संस्कार प्रमुख अखिलेश भटनागर, सचिव राजीव गोयल, कोषाध्यक्ष मयंक जैन, संजीव गुप्ता, लवलेश गुप्ता सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor