विशेष बच्चों को राहत की किरण: 'रे ऑफ होप' होम्योपैथिक शिविर में 300 से अधिक बच्चों का उपचार

आगरा। शारीरिक, मानसिक और आनुवंशिक रोगों से पीड़ित विशेष बच्चों के लिए ‘रे ऑफ होप’ त्रैमासिक विशेष होम्योपैथिक शिविर रविवार को बल्केश्वर स्थित गणेशराम नागर सरस्वती शिशु बालिका विद्या मंदिर में आयोजित किया गया। आयोजन श्री गिरिराज जी सेवक मंडल (परिवार) द्वारा रे ऑफ होप होम्योपैथिक वेलफेयर सोसायटी के सहयोग से किया गया। शिविर में 300 से अधिक बच्चों का निःशुल्क परीक्षण व तीन माह की दवा वितरण किया गया।

Jul 13, 2025 - 16:35
 0
विशेष बच्चों को राहत की किरण: 'रे ऑफ होप' होम्योपैथिक शिविर में 300 से अधिक बच्चों का उपचार
बल्केश्वर स्थित गणेशराम नागर सरस्वती शिशु बालिका विद्यालय में आयोजित 'रे ऑफ होप' त्रैमासिक विशेष होम्योपैथिक शिविर में बच्चों की स्वास्थ्य जांच करते विशेषज्ञ चिकित्सक।

-श्री गिरिराज जी सेवक मंडल और रे ऑफ होप वेलफेयर सोसायटी की संयुक्त पहल, 35 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया उपचार

जन्मजात रोगों से पीड़ित बच्चों को नई उम्मीद

संस्था सदस्य अजय गोयल ने बताया कि शिविर में मानसिक व शारीरिक पक्षाघात, मंदबुद्धि, भेंगापन, ऑटिज़्म, डी.एम.डी., आनुवंशिक विकारों सहित गंभीर और जटिल समस्याओं से ग्रसित बच्चों का परीक्षण विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया गया।

35 डॉक्टरों की टीम ने दी सेवाएं

शिविर में प्रमुख रूप से डॉ. शिव शंकर मितवार, डॉ. नितिन वर्मा, डॉ. अंकित त्यागी, डॉ. ललित गोला, डॉ. रोहित वर्मा, डॉ. शिवा श्रीवास्तव, डॉ. भूपेंद्र सिंह, डॉ. श्रुति जैन, डॉ. ज्योति चौधरी, डॉ. निशांत सहित 35 चिकित्सकों की टीम ने रोगियों की केस हिस्ट्री के अनुसार परामर्श दिया और निशुल्क औषधियां उपलब्ध कराईं।

सेवा का छठा वर्ष पूरा, अगला शिविर 12 अक्टूबर को

पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि यह शिविर पिछले 6 वर्षों से निरंतर चल रहा है और हर तीन माह के दूसरे रविवार को आयोजित किया जाता है। आगामी शिविर 12 अक्टूबर 2025 को आयोजित किया जाएगा।

आयोजन की व्यवस्थाएं पवन कुमार अग्रवाल, श्याम महेश्वरी, मनोज कुमार गर्ग, राजेश अग्रवाल, कविता अग्रवाल आदि ने संभालीं और शिविर को सफल बनाया।

SP_Singh AURGURU Editor