बरेली में तौकीर रजा के पांच करीबियों पर बिजली चोरी में 1.28 करोड़ रुपये की आरसी जारी

-आरके सिंह- बरेली। आईएमसी अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा के पांच करीबियों पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक करोड़ 28 लाख रुपये की वसूली आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी की है। यह कार्रवाई बानखाना क्षेत्र में चोरी की बिजली से संचालित ई-चार्जिंग सेंटर पकड़े जाने के मामले में की गई है। चार दिन पहले हुई संयुक्त छापेमारी में पांच केंद्रों पर बिजली चोरी पकड़ी गई थी। इससे पहले भी जनवरी 2024 में यही आरोपी इसी आरोप में रंगे हाथ पकड़े जा चुके थे।

Oct 5, 2025 - 12:11
 0
बरेली में तौकीर रजा के पांच करीबियों पर बिजली चोरी में 1.28 करोड़ रुपये की आरसी जारी

बिजली चोरी का दूसरा खेल फिर पकड़ा गया
बानखाना स्थित रजा चौक नाले के पास बिजली विभाग की टीम ने छापा मारा तो पांच ई-चार्जिंग सेंटरों पर चोरी की लाइन से भारी बिजली खपत पाई गई। यह सेंटर वसीम खान, मोनीश खान, बरकान रजा खान, अमन रजा खान और गुलाम नवी द्वारा संचालित किए जा रहे थे। विभाग ने प्राथमिकी दर्ज कराकर कुल 1,28,49,000 रुपये का जुर्माना लगाया और आरसी जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

प्रशासन सख्त, दोषियों पर कसेगा शिकंजा
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरसी की कॉपी मिलते ही सख्ती से वसूली की जाएगी। वहीं मुख्य अभियंता (जोन प्रथम) ज्ञान प्रकाश ने कहा कि 10 लाख रुपये से ऊपर जुर्माना बकायेदारों के खिलाफ आरसी जारी कर दी गई है। विद्युत विभाग ऐसे सभी मामलों को जिला प्रशासन को भेज रहा है ताकि वसूली सुनिश्चित की जा सके।

विभागीय संलिप्तता की जांच शुरू
ज्ञान प्रकाश ने बताया कि इस प्रकरण में विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की संलिप्तता की भी जांच तीन सदस्यीय टीम से कराई जा रही है। दोषी पाए जाने पर कड़ी विभागीय कार्रवाई होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि चोरी की बिजली से चार्जिंग सेंटर चलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

पहले भी पकड़े जा चुके हैं यही नाम
जनवरी 2024 में विद्युत विभाग की टीम ने इसी क्षेत्र में छापा मारकर सपा के पूर्व पार्षद मोहम्मद नदीम समेत इन्हीं पांच लोगों को चोरी की बिजली से ई-चार्जिंग सेंटर चलाते पकड़ा था। उस वक्त भी एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया था। बावजूद इसके, आरोपी दोबारा वही अवैध काम करने लगे थे।

उपद्रव मामले में भी तौकीर के करीबी जेल में
सप्ताहभर पहले शहर में हुए उपद्रव के मामले में मौलाना तौकीर रजा के कई करीबी पहले से ही जेल में हैं। पुलिस वीडियो फुटेज से और लोगों की पहचान कर शिकंजा कस रही है। अब बिजली चोरी का नया मामला उनके नेटवर्क पर एक और बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

इन पर लगाया गया है जुर्माना

वसीम खान – ₹15.39 लाख।

मोनीश खान – ₹22.29 लाख।

बरकान रजा खान – ₹37.32 लाख।

अमन रजा खान – ₹26.92 लाख।

गुलाम नवी – ₹26.57 लाख।

बिजली चोरी से चार्जिंग सेंटर चलाने का यह मामला तौकीर रजा के नेटवर्क पर कानून का सख्त शिकंजा साबित हो रहा है। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि अवैध कमाई के ऐसे ‘करंट’ कारोबार अब नहीं चलेंगे।

SP_Singh AURGURU Editor