आरसीबी बना आईपीएल 2025 का विजेता, पंजाब किंग्स को छह रन से हराया
अहमदाबाद। पंजाब किंग्स का आईपीएल खिताब जीतने का सपना एक बार फिर टूट गया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2025 फाइनल में पंजाब को 6 रनों से हराया।
श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। विराट कोहली ने आरसीबी के लिए सबसे अधिक 43 रन बनाए। बेंगलुरु टीम ने पंजाब किंग्स के सामने जीत के लिए 191 रनों का लक्ष्य रखा था, जो इस पिच पर बहुत मुश्किल नहीं था।
शशांक सिंह अंत तक टिके रहे और अंतिम पलों तक जीत की उम्मीदों को बंधाए रखा, लेकिन अन्य कोई बल्लेबाज अंत में उनका साथ नहीं दे सका। शशांक ने 30 गेंदों में 6 छक्कों और 3 चौकों की मदद से नाबाद 61 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए।
191 रनों का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स ने पहले विकेट के लिए 43 रन जरूर जोड़े, लेकिन प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य ने धीमी शुरुआत की थी। प्रियांश ने जहां 19 गेंदों में 24 रन बनाए तो वहीं 26 रन बनाने के लिए प्रभसिमरन ने 22 गेंदें खेली।
इस सीजन पंजाब किंग्स के लिए लीडिंग रन स्कोरर कप्तान श्रेयस अय्यर का बल्ला फाइनल में नहीं चला। वो 2 गेंदों में 1 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें रोमारियो शेफर्ड ने अपना शिकार बनाया। जिस समय वह आए पंजाब अच्छी स्थिति में थी, लेकिन उनके विकेट के बाद बाजी पलटती चली गई।
शशांक सिंह और नेहाल वढेरा जब क्रीज पर थे, तब भी पंजाब के लिए जीत मुश्किल नहीं लग रही थी लेकिन नेहाल ने गेंदें बर्बाद की जिससे टीम पर दबाव लगातार बढ़ता चला गया। नेहाल ने 15 रन बनाने के लिए 18 गेंदें खेली।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 6 रनों से फाइनल जीतकर अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी जीती, पंजाब किंग्स की तरह आरसीबी भी पिछले 17 सालों से पहली ट्रॉफी के इंतजार में थी जो अब खत्म हुआ। क्रुणाल पांड्या ने शानदार गेंदबाजी की, उन्होंने 4 ओवरों में मात्र 17 रन दिए और 2 विकेट चटकाए। भुवनेश्वर कुमार ने भी 2 विकेट लिए। यश दयाल, जोश हेजलवुड और रोमारियो शेफर्ड को 1-1 विकेट मिला।