आगरा के 12 हजार बेसिक शिक्षकों को राहत: एक-दो दिन में खाते में आ जाएगा वेतन का पैसा
आगरा। जून माह से वेतन न मिलने की परेशानी झेल रहे बेसिक शिक्षा विभाग के लगभग 12 हजार शिक्षक और कर्मचारी अब राहत की सांस ले सकते हैं। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने सोमवार को वेतन भुगतान के लिए विशेष वित्त अधिकारी की नियुक्ति कर दी है, जिससे अगले एक-दो दिनों में सभी के खाते में वेतन पहुंचने की संभावना है।
-डीएम ने वेतन बिल पास कराने को नियुक्त किया विशेष वित्त अधिकारी
स्थानांतरण के बाद अटका था वेतन
बेसिक शिक्षा विभाग के पूर्व वित्त अधिकारी का स्थानांतरण हो जाने के बाद नए अधिकारी की शासन स्तर से नियुक्ति नहीं हो पाई थी। परिणामस्वरूप जून महीने का वेतन लंबित हो गया था।
इस देरी से 12 हजार शिक्षक-कर्मचारी परेशान थे और शिक्षक संगठनों ने कई बार जिलाधिकारी से मिलकर वेतन भुगतान की मांग उठाई।
अस्थायी चार्ज भी नहीं आया काम
हाल ही में डीएम ने अस्थायी रूप से जिला पंचायत विभाग के वित्त अधिकारी को बेसिक शिक्षा विभाग का चार्ज देने का आदेश दिया था, लेकिन संबंधित अधिकारी ने चार्ज लेने से असमर्थता जता दी। इसके बाद जिलाधिकारी ने केवल वेतन भुगतान के लिए विशेष वित्त अधिकारी की नियुक्ति की है।
डीएम बोले- जल्द आएगा वेतन
डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कहा, आज हमने वेतन भुगतान हेतु एक विशेष वित्त अधिकारी की नियुक्ति की है। संभावना है कि वह कल वेतन बिल पास कर देंगे। कल रात या फिर एक दिन के भीतर सभी कर्मचारियों के खातों में वेतन ट्रांसफर हो जाएगा।
लंबित वेतन के जल्द भुगतान की प्रक्रिया शुरू होने पर विभिन्न शिक्षक संगठनों ने जिलाधिकारी का आभार जताया है और अपेक्षा जताई कि आगे ऐसी स्थिति फिर उत्पन्न न हो।