आगरा में धार्मिक उल्लास की बयार: 23 नवंबर से श्रीमद्भागवत कथा, कलश यात्रा से होगी शुरुआत

आगरा। भक्ति और आध्यात्मिक आनंद का संगम बनने जा रहा है आगरा का महारानी बाग क्षेत्र, जहां 23 से 29 नवंबर तक परम पावन श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होने जा रहा है। हर दिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होने वाले इस कथा प्रवचन में प्रसिद्ध कथा वाचक व्यासपीठाचार्य पंडित दिनेश दीक्षित महाराज श्रीहरि की महिमा का विस्तारपूर्वक वर्णन करेंगे।

Nov 16, 2025 - 20:19
 0
आगरा में धार्मिक उल्लास की बयार: 23 नवंबर से श्रीमद्भागवत कथा, कलश यात्रा से होगी शुरुआत
श्रीमद भागवत कथा के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते आयोजक।

इस सात दिवसीय कथा श्रृंखला की शुरुआत एक दिन पहले 22 नवंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। यह कलश यात्रा सुबह 11 बजे कथा स्थल महारानी बाग से प्रारम्भ होकर क्षेत्र का भ्रमण करेगी और पुनः स्थल पर विश्राम करेगी। बैंड-बाजों और भजन-कीर्तन से सजी इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

सिम्बोजिया गर्ल्स कॉलेज में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में आयोजन समिति के पदाधिकारी डॉ. जीएस राणा, अनीता राणा, और संयोजक अरुण प्रताप सिंह ने कथा के आयोजन संबंधी जानकारी दी। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा श्रवण कर पुण्यलाभ उठाने की अपील की।

पहले दिन श्रीभागवत कथा का महत्व, धुंधकारी की कथा, दूसरे दिन मंगलाचरण, शिवजी-शौनक संवाद, नारद जी के पूर्व जन्म की कथा, तीसरे दिन राजा परीक्षित को श्राप, शुकदेव जी आगमन, विदुर-सति चरित्र, चौथे दिन दिन  ध्रुव चरित्र, भगवान के दशावतार, प्रह्लाद की कथा, पांचवें दिन समुद्र मंथन, वामन अवतार, श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं, छठवें दिन रासलीला, कंस वध, रुक्मणी विवाह और सातवें दिन सुदामा चरित्र, कृष्ण-उद्धव संवाद, राजा परीक्षित को मुक्ति की लीला का वर्णन होगा।

आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन श्रद्धा और संस्कार का अनूठा संगम होगा, जिसमें भक्त समुदाय प्रेम और दिव्यता का अनुभव करेगा। इस अवसर पर विपिन परमार, सत्येंद्र कटारा, अरविंद दुबे आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor