ब्रज की भक्ति परंपरा को मंच देगी धार्मिक समूह लोक नृत्य प्रतियोगिता, 30 अप्रैल को होगा आयोजन
ब्रज की समृद्ध भक्ति परंपरा, लोक संस्कृति और सनातन चेतना को नई पीढ़ी से जोड़ने के उद्देश्य से श्री राम चाइल्ड वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा धार्मिक समूह लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर संस्था की बैठक में कार्यक्रम के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया।
आगरा। श्री राम चाइल्ड वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से नई पीढ़ी एवं जनमानस को अध्यात्म और सनातन संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से एक भव्य धार्मिक समूह लोक नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इस क्रम में मंगलवार को गांधी नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित बैठक के दौरान संस्था के पदाधिकारियों द्वारा प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन किया गया।
संस्था के संस्थापक एल. डी. अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि “नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की” जैसे लोकप्रिय भक्ति लोकगीत केवल ब्रज क्षेत्र ही नहीं, बल्कि देश की विभिन्न भाषाओं में प्रचलित हैं। जब इन भक्ति गीतों पर सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति होती है, तो वह जनमानस में गहरी आध्यात्मिक चेतना जागृत करती है। इसी भाव को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह डिवोशनल ग्रुप डांस प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
प्रो. रीता निगम ने बताया कि यह प्रतियोगिता आगामी 30 अप्रैल को आयोजित होगी, जिसमें इंटरमीडिएट कॉलेजों के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में 30,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 20,000 रुपये, तृतीय पुरस्कार 15,000 रुपये तथा शेष पांच चयनित समूहों को 7,500 रुपये का प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। एक समूह में न्यूनतम 8 एवं अधिकतम 10 प्रतिभागी सम्मिलित हो सकेंगे।
बैठक में प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु एक आयोजन समिति का गठन भी किया गया। साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता में सहयोग देने वाले सहयोगियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया। बैठक का संचालन सुशील सरित द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्रो. बिंदु अवस्थी, प्रो. नीलम कांत, डॉ. शालिनी मिश्रा, डॉ. ममता बंसल, सुशील सरित, डॉ. मीनाक्षी ठाकुर, डॉ. साधना सिंह, डॉ. राकेश गुप्ता, डॉ. देवाशीष गांगुली, रेनू शर्मा, प्रो. मीरा, डॉ. सविता, राजेश जैन, हरीश भदोरिया, प्रो. रीता निगम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।