शोध छात्रा हत्याकांड: अब गवाहों से 11 को होगी जिरह
दयालबाग की शोध छात्रा के हत्याकांड की सुनवाई शुरू हो गई है। अभियोजन पक्ष ने आज अपनी दलीलें पेश कीं। अब 11 नवंबर को गवाहों को क्रास एक्जामिन किया जाएगा।
आगरा। दयालबाग स्थित डीईआई कॉलेज की शोध छात्रा की हत्या मामले में बुधवार को अदालत में सुनवाई हुई। इस दौरान अभियोजन पक्ष ने बचाव पक्ष के गवाहों को लेकर अपनी दलीलें पेश कीं जो विशेष लोक अभियोजक के नेतृत्व में पूरी की गईं।
अदालत ने अब गवाह सिद्धार्थ दास से जिरह के लिए सुनवाई की अगली तारीख 11 नवंबर निर्धारित की है।
बचाव पक्ष ने अपने पक्ष में सात गवाहों को पेश करने का आवेदन दिया था, जिस पर अभियोजन ने आपत्ति जताई थी। अदालत ने बचाव पक्ष को केवल तीन गवाहों को पेश करने की अनुमति दी थी। इसके बाद बचाव पक्ष ने इस आदेश को चुनौती देते हुए उच्च न्यायालय का रुख किया, लेकिन वहां भी उन्हें राहत नहीं मिली।
उच्च न्यायालय ने स्थानीय अदालत को पुनः सुनवाई कर उचित आदेश पारित करने के निर्देश दिए थे। अब तक बचाव पक्ष के तीन गवाह, जिनमें सिद्धार्थ दास भी शामिल हैं, की गवाही हो चुकी है।
अब अदालत में अगली सुनवाई के दौरान सिद्धार्थ दास से जिरह की जाएगी।