आगरा पुलिस कमिश्नरेट में फेरबदल: अली अब्बास को सिटी कमान, सोनम कुमार ट्रैफिक के नए कप्तान

आगरा। त्योहारों के सीजन बीतने के बाद आगरा पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। तीन डीसीपी स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। इसे पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, ट्रैफिक नियंत्रण को व्यवस्थित और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की रणनीतिक कवायद माना जा रहा है।

Oct 26, 2025 - 13:45
 0
आगरा पुलिस कमिश्नरेट में फेरबदल: अली अब्बास को सिटी कमान, सोनम कुमार ट्रैफिक के नए कप्तान
आगरा के नये डीसीपी सिटी अली अब्बास।

पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद से यह अब तक का एक अहम पुनर्संयोजन माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने जिस समय यह फेरबदल किया है, वह शहर के लिए संवेदनशील और व्यस्त दोनों हैं।

नई तैनातियों में सबसे उल्लेखनीय नाम अली अब्बास का है, जिन्हें अब डीसीपी सिटी की जिम्मेदारी दी गई है। वे अब तक डीसीपी ईस्ट के रूप में कार्यरत थे। अली अब्बास को शहर के मुख्य क्षेत्रों, विशेषकर भीड़भाड़ वाले बाजारों, पर्यटक स्थलों और कानून-व्यवस्था की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों में क्राइम कंट्रोल की जिम्मेदारी मिली है। उनके अनुभव और सख्त कार्यशैली को देखते हुए यह तैनाती रणनीतिक मानी जा रही है।

वहीं, अभिषेक अग्रवाल, जो अब तक डीसीपी ट्रैफिक थे, को डीसीपी ईस्ट बनाया गया है। यह क्षेत्र भी पुलिसिंग की दृष्टि से महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां सीमावर्ती थाना क्षेत्र भी आते हैं। अभिषेक अग्रवाल अब पूर्वी जोन की सुरक्षा व्यवस्था को संभालेंगे।

सोनम कुमार, जो अब तक डीसीपी सिटी थे, को डीसीपी ट्रैफिक की कमान सौंपी गई है। उन्हें स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन, सिग्नल नेटवर्क सुधार और सड़क सुरक्षा अभियानों की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। ट्रैफिक की बिगड़ती स्थिति, नए पार्किंग जोन के निर्माण और इंटेलिजेंट ट्रैफिक सिस्टम (आईटीएस) लागू करने के लिए यह बदलाव अहम माना जा रहा है।

सूत्र बताते हैं कि यह फेरबदल कमिश्नरेट सिस्टम के भीतर कार्यकुशलता बढ़ाने और नेतृत्व स्तर पर जिम्मेदारियों के बेहतर पुनर्वितरण की योजना का हिस्सा है।

पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने कहा कि इन बदलावों से शहर की लॉ एंड ऑर्डर स्थिति और ट्रैफिक संचालन में अधिक पारदर्शिता व त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होगी। सभी अधिकारियों को तत्काल नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor