कंगना रनौत के खिलाफ वाद खारिज होने पर सेशन कोर्ट में रिवीजन दाखिल होगा

आगरा। भाजपा सांसद और फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ किसानों और महात्मा गांधी को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों पर दायर परिवाद को स्पेशल एमपी-एमएलए कोर्ट ने खारिज कर दिया है।

May 7, 2025 - 13:24
 0
कंगना रनौत के खिलाफ वाद खारिज होने पर सेशन कोर्ट में रिवीजन दाखिल होगा

याची अधिवक्ता ने इस फैसले के खिलाफ सेशन कोर्ट में रिवीजन दाखिल करने का फैसला किया है। 

स्पेशल कोर्ट ने कंगना रनौत के खिलाफ दायर वाद को खारिज करते हुए अपने आदेश में कहा कि याचिकाकर्ता या उनका परिवार किसान आंदोलन में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं था। साथ ही महात्मा गांधी की मृत्यु हो चुकी है, अतः उनके सम्मान से जुड़ी याचिका उनके परिवार का कोई सदस्य ही दायर कर सकता है। तीसरे तर्क में कोर्ट ने कहा कि याचिका दाखिल करने से पूर्व मजिस्ट्रेट की अनुमति नहीं ली गई, जो प्रक्रिया का अनिवार्य भाग है।

परिवादी वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने कहा है कि कोर्ट के निर्णय के खिलाफ सेशन कोर्ट में रिवीजन दाखिल करेंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ दायर मामलों में मजिस्ट्रेट की अनुमति नहीं ली गई तो इस मामले में उस आधार पर याचिका को खारिज करने को वे न्यायसंगत नहीं मानते। 

शर्मा ने स्पष्ट कहा कि वह एक स्वतंत्र भारत के जिम्मेदार नागरिक, किसान का बेटा और अधिवक्ता हैं, और यह लड़ाई तब तक लड़ेंगे जब तक कंगना को माफ़ी मांगने या सजा मिलने तक न्याय नहीं मिल जाता। उन्होंने कहा कि वे यह मामला अब सेशन कोर्ट और आवश्यकता पड़ने पर हाईकोर्ट तक लेकर जाएंगे।