‘थिंक गीता, लिव गीता’ से संस्कारों की क्रांतिः आगरा के विद्यालयों में गीता आधारित निबंध प्रतियोगिता का शंखनाद
आगरा। युवाओं के विचार, चरित्र और चेतना को श्रीमदभगवद् गीता की शाश्वत शिक्षाओं से जोड़ने के उद्देश्य से अशोका आर. फाउंडेशन एवं श्री श्री जगन्नाथ मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही ‘थिंक गीता, लिव गीता’ निबंध लेखन प्रतियोगिता का भव्य पोस्टर विमोचन सोमवार को मैरियट होटल, संजय प्लेस में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रतियोगिता की रूपरेखा, उद्देश्य और नियमों की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि यह प्रतियोगिता आगरा जनपद के यूपी बोर्ड, आईसीएसई एवं सीबीएसई से संबद्ध समस्त विद्यालयों में आयोजित की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य बाल एवं युवा मन को भगवद्गीता की शिक्षाओं से प्रेरित कर उनमें विचारों की स्पष्टता, नैतिक बल, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवन दृष्टि का विकास करना है।
चार श्रेणियों में होगी प्रतियोगिता
प्री-जूनियर (कक्षा I–II): मेरी पसंदीदा कृष्ण लीला, सब-जूनियर (कक्षा III–V): गीता का मेरा पसंदीदा श्लोक और उसका मेरे जीवन में महत्व, जूनियर (कक्षा VI–VIII): भगवद्गीता से सफलता का मंत्र और सीनियर (कक्षा IX–XII): भगवद्गीता और आधुनिक जीवन में उसकी प्रासंगिकता।
निबंध लेखन के लिए विद्यार्थियों को एक घंटे का समय दिया जाएगा। उत्तर पुस्तिका पर नाम, कक्षा, वर्ग एवं टैग नंबर अंकित करना अनिवार्य होगा। समस्त विद्यालयों को यह प्रतियोगिता 20 जनवरी 2026 से पूर्व संपन्न करानी होगी, जबकि सभी उत्तर पुस्तिकाएं 20 जनवरी को मैरियट होटल के रिसेप्शन पर जमा कराई जाएंगी। चयनित श्रेष्ठ निबंधों को एक पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जाएगा।
26 जनवरी को होगा पुरस्कार वितरण
प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह 26 जनवरी 2026 को अपराह्न 3:30 बजे, अशोका मॉल, संजय प्लेस में आयोजित होगा। विजेताओं को प्रथम पुरस्कार 5100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 3100 और तृतीय पुरस्कार 2100 रुपये का दिया जाएगा। इससे अलावा 1100–1100 रुपये के दो सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किये जाएंगे। साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएँगे।
अशोका आर. फाउंडेशन की अध्यक्षा डॉ. रंजना बंसल ने प्रेसवार्ता में कहा कि बच्चों को भगवद्गीता के शाश्वत मूल्यों से परिचित कराना ही इस पहल का मूल उद्देश्य है, जिससे वे अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकें और सही दिशा में आगे बढ़ें।
उपाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि भगवद्गीता की शिक्षाएं छात्रों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होंगी और उन्हें एक बेहतर मानव बनाएंगी।
इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविंद स्वरूप दास ने कहा कि भगवद्गीता विद्यार्थियों के लिए जीवन जीने की सर्वोत्तम मार्गदर्शिका है, जो कर्तव्यबोध, सही निर्णय, आत्मविश्वास, शांति, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करती है।
इनकी मौजूदगी रही उल्लेखनीय
कार्यक्रम में सात्यिक बनर्जी (हेड- शारदा वर्ल्ड स्कूल), स्क्वाड्रन लीडर एके सिंह (अध्यक्ष- डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट), रामानंद चौहान (प्रधानाचार्य- सुमित राहुल स्कूल), राघवेंद्र सचदेवा (अध्यक्ष- सचदेवा मिलेनियम स्कूल), एसके अग्रवाल (अध्यक्ष- जीडी गोयनका), मनीष राय (निदेशक- एक पहल पाठशाला), मोहित बंसल (निदेशक- जॉन मिल्टन स्कूल), रवि नारंग (निदेशक- होली लाइट पब्लिक स्कूल), रिंकू जैन (उप-प्रधानाचार्य- गायत्री पब्लिक स्कूल), गिरधर शर्मा (निदेशक- सेंट एंड्रयूज़ स्कूल), देवेंद्र यादव (उप-प्रधानाचार्य- सनफ्लावर शिक्षा सदन पब्लिक स्कूल) सहित अनेक शिक्षाविद् व गणमान्यजन उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अदिति गौरांगी से 9927091147 पर संपर्क किया जा सकता है।