ऋषभ पंत ने संघर्ष कर लखनऊ को जिताया,  सनराइजर्स हैदराबाद की आईपीएल में दूसरी हार, एलएसजी का खाता खुला

लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम को इस सीजन की पहली जीत मिल चुकी है। सनराइजर्स के 157 रन के टारगेट के जवाब में लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने मैच जिताऊ पारी खेलकर अपनी टीम का पॉइंट्स टेबल में खाता खोल दिया।

Apr 5, 2026 - 20:29
 0
ऋषभ पंत ने संघर्ष कर लखनऊ को जिताया,  सनराइजर्स हैदराबाद की आईपीएल में दूसरी हार, एलएसजी का खाता खुला


हैदराबाद। आईपीएल 2026 के 10वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद को 5 विकेट से मात दे दी है। इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए बोर्ड पर 156 रन का स्कोर लगाया था। जवाब में लखनऊ की टीम ने 5 विकेट खोकर इस स्कोर को आखिरी ओवर तक चेज कर लिया। ये इस सीजन में लखनऊ की टीम की पहली जीत है। वहीं सनराइजर्स की टीम की ये 3 मैच में दूसरी हार है।

लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने इस मैच में चेज करते हुए शानदार फिफ्टी लगाई। पंत ने इस मैच में ओपनिंग नहीं की और वे 3 नंबर पर बैटिंग के लिए आए। उन्होंने 43 गेंद पर अपनी फिफ्टी इस मैच में पूरी की। आखिरी ओवर में लखनऊ को जीत के लिए 9 रन की जरूरत थी। ऋषभ पंत ने जयदेव उनादकट की पहली दो गेंदों पर दो चौके लगाकर लखनऊ की टीम को लगभग पक्का कर दिया। इसके बाद ओवर की 5वीं गेंद पर पंत ने चौका लगाकर अपनी टीम की नैया पार लगा दी। पंत इस मैच में 50 गेंद पर 68 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 9 चौके लगाए।

वहीं पंत के अलावा इस मैच में लखनऊ के लिए ओपनिंग करने आए एडेन मार्करम ने 27 गेंद पर 45 रन की पारी खेली। उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के अपनी पारी में लगाए। इसके अलावा 16 रन अब्दुल समद और 12 रन आयुष बडोनी ने बनाए।

इससे पहले मोहम्मद शमी के करिश्माई शुरुआती स्पैल के बाद हेनरिच क्लासेन और नीतीश कुमार रेड्डी की आक्रामक शतकीय साझेदारी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने 9 विकेट पर 156 रन बनाए। शुरुआती 10 ओवर में 35 रन पर चार विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही हैदराबाद टीम के लिए क्लासेन (41 गेंद में 62 रन) और रेड्डी (33 गेंद में 56 रन) ने ‘आक्रमण ही सर्वश्रेष्ठ बचाव’ की रणनीति पर अमल किया। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 63 गेंदों में 116 रन की रिकॉर्ड साझेदारी के दौरान सात छक्के जड़े।

इन दोनों के जल्दी-जल्दी आउट होते ही लखनऊ ने मैच पर फिर से पकड़ बना ली और मेजबान टीम को 160 रन से नीचे रोकने में सफलता हासिल की। इससे पहले शमी ने चार ओवर में मात्र 9 रन देकर दो विकेट चटकाते हुए 18 डॉट गेंदें फेंकी, जिससे हैदराबाद की शुरुआत पूरी तरह लड़खड़ा गई। उनके स्पैल के दौरान शीर्ष क्रम के बल्लेबाज ट्रेविस हेड (सात), अभिषेक शर्मा (शून्य) और कप्तान इशान किशन (एक) सस्ते में पवेलियन लौटे।

आक्रामक बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टोन भी लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत की शानदार विकेटकीपिंग का शिकार बने। पारी के 11वें से 15वें ओवर के बीच मैच का रुख बदलता नजर आया जब सनराइजर्स ने पांच ओवरों में 79 रन बटोरे। अपने शुरुआती दो ओवरों में सिर्फ 10 रन देने वाले लेग स्पिनर दिग्वेश राठी अगले दो ओवरों में 36 रन लुटा बैठे। भारतीय तेज गेंदबाज आवेश खान और प्रिंस यादव शुरुआती ओवरों में प्रभावी दिख रहे थे, लेकिन बाद में लाइन और लेंथ से भटक गए, जिसका क्लासेन और रेड्डी ने पूरा फायदा उठाया। पहले 10 ओवर में जहां केवल एक छक्का और एक चौका लगा था, वहीं इस जोड़ी ने सात छक्के और आठ चौके जड़े।