ऋषभ पंत का शतक, लखनऊ ने बेंगलुरु को दिया 228 रनों का लक्ष्य

लखनऊ। ऋषभ पंत के शतक और मिशेल मार्श के ताबड़तोड़ अर्धशतक की बदौलत लखनऊ ने बेंगलुरु को 228 रनों का लक्ष्य दिया है। पंत ने 61 गेंदों में 118 रनों की तूफानी पारी खेली। इस पारी में पंत ने 11 चौके और 8 छक्के लगाए। मार्श ने 37 गेंदों में 67 रनों की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 5 छक्के और 4 चौके जड़े, जिसकी बदौलत लखनऊ ने 20 ओवर के बाद 3 विकेट के नुकसान पर 227 रन बनाए। बेंगलुरु की तरफ से नुवान तुषारा, भुवनेश्वर कुमार और रोमारियो शेफर्ड ने एक-एक विकेट लिए।

May 27, 2025 - 23:06
May 27, 2025 - 23:14
 0
ऋषभ पंत का शतक, लखनऊ ने बेंगलुरु को दिया 228 रनों का लक्ष्य


ऋषभ पंत ने ताबड़तोड़ शतक जड़ दिया। उन्होंने 54 गेंदों में शतक ठोका है। ऋषभ पंत ने अपने आईपीएल  करियर का दूसरा शतक लगा दिया है। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स के खिलाफ मैच में 54 गेंदों में शतक पूरा कर दिया है, इसी के साथ वो लखनऊ सुपर जाइंट्स के  लिए सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। पंत का यह इंडियन प्रीमियर लीग में दूसरा शतक है, जिसे लगाने के लिए उन्हें 2574 दिन लंबा इंतजार करना पड़ा है। पंत ने शतक पूरा करने तक अपनी पारी में 10 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के लगाए।
आरसीबी के खिलाफ मैच से पूर्व ऋषभ पंत ने 12 पारियों में सिर्फ 151 रन बनाए थे। बेंगलुरु के खिलाफ मैच में पंत नंबर-3 पर बैटिंग करने आए। उन्होंने मिचेल मार्श के साथ मिलकर 152 रनों की बेहतरीन पार्टनरशिप की। इसके बाद उन्होंने निकोलस पूरन के साथ मिलकर 49 रन जोड़े। पंत 61 गेंद में 118 रन बनाकर नाबाद लौटे, इस पारी में उन्होंने 11 चौके और 8 छक्के लगाए।
 
ऋषभ पंत का आईपीएल में पहला शतक 10 मई 2018 की तारीख को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आया था। उन बातों को अब 2574 दिन बीत चुके हैं और अब आखिरकार करीब 7 साल के इंतजार के बाद पंत इंडियन प्रीमियर लीग में शतक लगा पाए हैं। यह शतक इसलिए भी खास है क्योंकि आरसीबी के खिलाफ मैच से पूर्व आईपीएल 2025 में पंत का सर्वोच्च स्कोर 63 रन था और अब तक सीजन में उन्होंने सिर्फ एक फिफ्टी लगाई थी।