चौधरी अजित सिंह की पुण्यतिथि पर रालोद नेताओं ने किया भावपूर्ण स्मरण
आगरा। पूर्व केंद्रीय मंत्री और किसान नेता स्वर्गीय चौधरी अजित सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दीवानी चौराहा स्थित किसानों के मसीहा भारत रत्न स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में हवन, यज्ञ और विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। इस मौके पर अजित सिंह के योगदानों को याद करते हुए उन्हें सच्चा किसान हितैषी और समरसता का प्रतीक बताया गया।
कार्यक्रम का आयोजन महानगर रालोद अध्यक्ष पंडित दुर्गेश शुक्ला की अगुवाई में हुआ। रालोद के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता कप्तान सिंह चाहर ने चौधरी अजित सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन किसानों और मजदूरों के हक की लड़ाई में लगा दिया। बतौर केंद्रीय कृषि व खाद्य मंत्री किसानों के हित में कई नीतिगत निर्णय लेकर एक मिसाल बने।
विचार गोष्ठी में रालोद के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेन्द्र बघेल ने उन्हें सच्चा किसान नेता बताया और कहा कि अजित सिंह का जीवन प्रेरणा का स्रोत है। प्रदेश सचिव मानव चौधरी, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष भूदेव प्रधान, प्रदेश सचिव सत्यवीर रावत और वरिष्ठ नेता उद्घोष राणा ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि चौधरी अजित सिंह की सोच और नीति आज भी किसानों की राह को रोशन करती है।
इस भावपूर्ण कार्यक्रम में जयपाल सिंह खिरवार, सुरेंद्र सिंह रावत, डॉ. नेत्रपाल सिंह, किसान प्रकोष्ठ के मण्डल महासचिव पं. संजीव शर्मा, गंगाराम पैलवार, चौ. माँगे लाल, महानगर महामंत्री प्रवीन माहौर, केदार सिंह परमार, अमर दीप गर्ग, सरदार राजेन्द्र सिंह, प्रमोद दीक्षित, भोला चौधरी, हिमांशु शर्मा, दिलीप जैन, जितेन्द्र शर्मा, हरवीर चौधरी, राजेश पाण्डेय, संदीप खोकर समेत बड़ी संख्या में रालोद कार्यकर्ता उपस्थित रहे।