रालोद का मंडलीय सम्मेलन: चौधरी चरण सिंह की विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
राष्ट्रीय लोकदल के मंगलवार को हुए मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव संगठन श्री त्रिलोक त्यागी ने जोर देकर कहा कि अब हर कार्यकर्ता मिशन मोड में जुटे और चौधरी चरण सिंह की विरासत को जनता तक पहुंचाए। सम्मेलन में सामाजिक न्याय, सशक्तिकरण, नेतृत्व, प्रशिक्षण और एकता के संदेश पर जोर दिया गया।
आगरा। राष्ट्रीय लोकदल आगरा मंडल का कार्यकर्ता सम्मेलन आज गोविंद रिजॉर्ट में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. यशपाल बघेल रहे। सम्मेलन की शुरुआत में मुख्य अतिथि ने किसान मसीहा भारत रत्न स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया।
मुख्य अतिथि श्री त्रिलोक त्यागी ने अपने जोशीले संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय लोकदल भारत रत्न चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार कर रहा है। चौधरी चरण सिंह ने दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यकों की आवाज़ को विधानसभा और लोकसभा तक पहुँचाया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार देने के लिए ‘काम के बदले अनाज योजना’ शुरू की और आर्थिक सुविधा के लिए नाबार्ड बैंक की स्थापना की। आज के दौर में राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार प्रदान करने के कार्य में जुटे हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्किल डेवलपमेंट अपनाने और 2 अक्टूबर गांधी जयंती से 31 अक्टूबर सरदार पटेल जयंती तक चल रही एकता यात्राओं में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। श्री त्यागी ने कहा कि बिना 20 सक्रिय सदस्य बनाए कोई भी आगे नहीं बढ़ सकता। संगठन में स्थान उन्हीं को मिलेगा जो मेहनत करेंगे। चौधरी चरण सिंह की विरासत को जन-जन तक पहुंचाना अब राष्ट्रीय लोकदल का मुख्य लक्ष्य है।
राष्ट्रीय महासचिव डॉ. यशपाल बघेल ने कहा, रालोद सिर्फ एक पार्टी नहीं बल्कि सामाजिक न्याय की जीती-जागती मिसाल है। आदरणीय जयंत सिंह ने दलित समाज से मुझे महासचिव बनाकर और अनिल कुमार को प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बनवाकर यह साबित किया।
जिलाध्यक्ष गोविंद शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह ग्रामीण भारत के शिल्पकार थे। आज गांवों में बिजली, शिक्षा और सड़कों की स्थिति उन्हीं की सोच की देन है।
सम्मेलन में यह भी घोषणा की गई कि आगामी पंचायत चुनावों में पुराने, निष्ठावान और जिताऊ कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही, 31 अक्टूबर तक चलने वाला सदस्यता अभियान आगरा मंडल में नए रिकॉर्ड स्थापित करेगा।
सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर, नरेंद्र बघेल, कुंवर नरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह वर्मा, डॉ. रुपेश चौधरी, चौधरी सुजाता सिंह, महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव डॉ. मालती चौधरी, मथुरा के जिला अध्यक्ष राजपाल भरंगर, फिरोजाबाद के जिला अध्यक्ष ठाकुर देशराज सिंह, आगरा महानगर अध्यक्ष दुर्गेश शुक्ला, मैनपुरी के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र दुबे, नीरज ठेनुआ, केपी चाहर, बाबूलाल प्रधान, मंजीत फौजी, वरिष्ठ नेता संजय फौजदार, मनीष शर्मा, रामधन गुर्जर, अशोक चाहर, मुकेश, अफसर पहलवान, डॉ. पवन कुशवाहा, संदीप खोखर और मयंक खिरवार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं आदि मौजूद रहे।
सम्मेलन की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष कुमार चंद्रा रावत ने की एवं संचालन मनजीत फौजी ने किया।