25 हजार का इनामी लुटेरा गिरफ्तार, आधा दर्जन जिलों में दर्ज हैं गैंगस्टर समेत 19 मुकदमे
आगरा। थाना जैतपुर क्षेत्र में पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में लूट के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी शरीफ पुत्र शौकीन को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी फिरोजाबाद जिले के थाना सिरसागंज स्थित ग्राम नगला खुशहाली का रहने वाला है और बेहद शातिर किस्म का अपराधी है।
गिरफ्तारी कान्हा पुरा रेलवे पुल के पास मुखबिर की सूचना पर की गई। चेकिंग के दौरान आरोपी को एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, हीरो डीलक्स बाइक और लूटा गया पर्स सहित पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार शरीफ के खिलाफ मैनपुरी, फिरोजाबाद, इटावा, आगरा और नोएडा सहित अन्य जनपदों में 19 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट भी शामिल है।
शरीफ ने 14 अगस्त 2024 को जैतपुर क्षेत्र में अपने साथियों संग सतीश कुमार पुत्र श्रीराम करन और उनकी पत्नी से लूट की थी। वारदात के दौरान बदमाशों ने बाइक रोककर महिला से कुंडल, मंगलसूत्र और पति का पर्स लूट लिया था।
एसओ जैतपुर और सर्विलांस टीम की सतर्कता से यह गिरफ्तारी संभव हो सकी। अब पुलिस इसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।