आगरा के सोहल्ला में जर्जर मकान की छत भरभराकर गिरी, बड़ा हादसा टला, किशोर घायल
आगरा। शहर में लगातार हुई बारिश और फिर अचानक तेज धूप के चलते पुराने जर्जर मकानों की हालत और भी ख़राब हो गई है। थाना सदर क्षेत्र के सोहल्ला मोहल्ले में बीती रात एक पुराना मकान अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे घर में मौजूद एक किशोर घायल हो गया। गनीमत रही कि पड़ोसियों की मदद से परिवार के अन्य सदस्य समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।
बारिश और धूप ने बढ़ाई दीवारों की कमजोरी
स्थानीय निवासियों के अनुसार, मकान बाबूलाल पुत्र गोपीचंद का है जो काफी जर्जर अवस्था में था। लगातार हुई बारिश और फिर तेज़ गर्मी के कारण मकान की छत और दीवारों में दरारें आ गई थीं। बाबूलाल मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाते हैं और आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है।
खाना खाते वक्त गिरी छत, गूंजी चीखें
हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार के सभी सदस्य खाना खा रहे थे। अचानक छत तेज आवाज के साथ ढह गई। हालांकि मकान के जिस हिस्से की छत ढही, वहां उस समय कोई मौजूद नहीं था। छत के मलबे से परिवार का एक किशोर जरूर घायल हो गया। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी दौड़कर पहुंचे और सभी को बाहर ले आए।
इस हादसे में एक किशोर घायल हो गया। सिर में गंभीर चोटें आने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में 10 से अधिक टांके लगाए। परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए।
प्रशासन नदारद, परिवार ने लगाई गुहार
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत प्रशासन को दी, लेकिन घंटों बाद तक कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और पुनर्वास की मांग उठाई है।