आगरा के द हेवन में घंटों के हिसाब से कमरे मिलते थे कमरे, होटल मालिक दो भाई और ब्यॊयफ्रेंड गिरफ्तार
आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र के शास्त्रीपुरम स्थित आर.वी. लोधी कॉम्प्लेक्स में स्थित जिस होटल द हेवन से पुलिस के छापे के दौरान एक लड़की नग्नावस्था में पहली मंजिल से गिरी थी, उस पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने होटल संचालक दो सगे भाइयों संतोष और गौतम (निवासी दहतोरा) तथा युवती के मित्र युवराज (निवासी कलाल खेड़िया) को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, छापेमारी की सूचना मिलते ही युवती बाथरूम में छिपने की कोशिश करने लगी। इसी दौरान बाथरूम से बाहर निकली तो डक्ट पर लगी प्लाई के टूटने से वह नीचे गिर गई। इस हादसे में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने युवती की पहचान गोपनीय रखी है।
होटल में घंटों के हिसाब से कमरे देने का खुलासा
पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ कि होटल दी हैवन में नियमों का खुला उल्लंघन किया जा रहा था। यहां घंटों के हिसाब से कमरे किराए पर दिए जाते थे, और कई बार तो होटल रजिस्टर में एंट्री भी नहीं की जाती थी।
थानाध्यक्ष प्रदीप त्रिपाठी के अनुसार, होटल में लोकल आईडी पर प्रेमी युगलों को कमरे दिए जा रहे थे, जबकि इसकी अनुमति नहीं है। इससे होटल संचालक रोजाना गैरकानूनी तरीके से मोटी कमाई कर रहे थे।
आगरा पुलिस ने लोकल आईडी पर कमरे देने पर पहले से ही पूर्ण प्रतिबंध लगाया हुआ है, लेकिन होटल संचालक इसका उल्लंघन कर रहे हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि सिकंदरा क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक होटल पहले भी संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए थे।
ताजगंज और एमजी रोड क्षेत्र में भी सख्ती
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ताजगंज और एमजी रोड क्षेत्रों में भी कई होटल ऐसे हैं जहां पूर्व में देह व्यापार जैसी गतिविधियां सामने आ चुकी हैं। पुलिस अब इन होटलों की सूची तैयार कर जांच और कार्रवाई अभियान चला रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।