रोशनी ट्रस्ट ने एक पहल में 50 छात्राओं को दी छात्रवृत्ति, तीन लाख से बढ़ेगी पढ़ाई की रौशनी
आगरा। शिक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में रोशनी चैरिटेबल ट्रस्ट ने अपने आठवें स्थापना दिवस पर दयालबाग स्थित ‘एक पहल पाठशाला’ में छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 50 छात्राओं को लगभग तीन लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। साथ ही कुछ महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण के लिए वजीफा भी दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जूता निर्यातक राजीव वासन, कर्नल जी.एम. ख़ान, शिक्षाविद रामानंद चौहान, आनंद शर्मा, ट्रस्ट की अध्यक्षा मनोज बल, ट्रस्टी डॉ. सरोज प्रशांत और एक पहल के महासचिव मनीष राय ने किया।
अध्यक्ष मनोज बल ने कहा कि छात्रवृत्ति सिर्फ पढ़ाई के लिए आर्थिक सहयोग ही नहीं, बल्कि छात्रों को अपनी क्षमता परखने और आगे बढ़ने का अवसर भी देती है। ट्रस्टी डॉ. सरोज प्रशांत ने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि पहले छात्रवृत्ति पाना बड़ी उपलब्धि मानी जाती थी। जिन छात्रों को छात्रवृत्ति मिलती थी, उन्हें तेज-तर्रार और अध्ययनशील समझा जाता था और शिक्षक भी विशेष प्रोत्साहन देते थे।
इस अवसर पर दीया जुनेजा, कल्पना, ख़ुशबू, सुमन, कंचन, तमन्ना, मोनिका, प्राची, चित्रांशी, छवि और संजना को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कर्नल जी.एम. ख़ान ने ग्यारहवीं और बारहवीं की छात्राओं को किशोरावस्था की चुनौतियों, लक्ष्य निर्धारण और टाइम मैनेजमेंट पर मार्गदर्शन दिया।
मंच संचालन मनीषा गौलानी ने किया। कार्यक्रम में चंदा कुमार, अंकित खंडेलवाल, बरखा राय, अश्लेष मित्तल, मानस राय आदि मौजूद रहे।