रोटरी क्लब आगरा ने सिखाया मनी गेम जीतने का मंत्र, वित्तीय स्वतंत्रता पर हुआ प्रेरक सेमिनार

आगरा। पैसा हमारा सेवक बने, मालिक नहीं, इसी विचार को साकार करने की दिशा में रोटरी क्लब ऑफ आगरा ने शुक्रवार को होटल क्लार्क्स शिराज में एक प्रेरणादायक सेमिनार आयोजित किया। विषय था ‘मनी गेम मास्टर करने के उपाय – वित्तीय स्वतंत्रता के लिए उपकरण और रणनीतियां, जिसमें क्लब के सदस्यों सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।

May 23, 2025 - 18:14
 0
रोटरी क्लब आगरा ने सिखाया मनी गेम जीतने का मंत्र, वित्तीय स्वतंत्रता पर हुआ प्रेरक सेमिनार
रोटरी क्लब ऒफ आगरा द्वारा आयोजित सेमिनार में मुख्य वक्ता सीए राकेश अग्रवाल को स्मृति चिह्न भेंट करते क्लब के पदाधिकारी। दूसरे चित्र में सेमिनार में मौजूद गणमान्य लोग।

इस सेमिनार के मुख्य वक्ता वरिष्ठ चार्टर्ड एकाउंटेंट राकेश अग्रवाल रहे, जिन्होंने वित्तीय योजना, टैक्स सेविंग और निवेश रणनीतियों पर सरल और प्रभावी ढंग से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि देश के कई बड़े उद्योगपतियों की आर्थिक विफलता के पीछे खराब फाइनेंशियल मैनेजमेंट ही मुख्य वजह रही है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने पैसे को नौकर बनाना चाहिए, ताकि वह दिन-रात हमारे लिए काम करे।

वक्तव्य के दौरान उन्होंने सरकार की नई कर नीति, टैक्स बचत के विकल्प, और निवेश के विविधीकरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूंजी को एक ही जगह लगाना जोखिम भरा हो सकता है।

सेमिनार में मौजूद प्रतिभागियों ने कर नीति, निवेश योजना और रिटायरमेंट प्लानिंग से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका वक्ता ने प्रैक्टिकल और स्पष्ट जवाबों से समाधान किया।

क्लब अध्यक्ष रोटेरियन नम्रता पणिकर ने कहा, आज की बदलती आर्थिक परिस्थितियों में प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर महिलाएं, अगर फाइनेंशियल लिटरेसी हासिल करें, तो आत्मनिर्भरता की ओर एक बड़ा कदम होगा।

मुख्य अतिथि का स्वागत रोटेरियन राकेश गर्ग और रोटेरियन एस.के. जैन ने किया। रोटेरियन सी.एस. गुप्ता ने स्मृति चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया और
रोटेरियन दिगम्बर सिंह धाकरे ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में रोटेरियन इंजीनियर आशीष अग्रवाल (सचिव), सीए उदित बंसल (कोषाध्यक्ष), राजीव लोचन भारद्वाज (क्लब ट्रेनर) और सुनील कपूर का उल्लेखनीय योगदान रहा।

SP_Singh AURGURU Editor