हेल्प आगरा को अत्याधुनिक एक्स-रे मशीन के लिए दिया गया 15 लाख रुपये का दान
आगरा। शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं को उन्नत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुकेश मित्तल वेलफेयर फाउंडेशन ने हेल्प आगरा संस्था को अत्याधुनिक एक्स-रे मशीन के लिए 15 लाख रुपए का दान दिया है। फाउंडेशन की ओर से यह चैक रोटरी क्लब ऑफ आगरा द्वारा फेयर फील्ड बाय मैरियट, संजय प्लेस में आयोजित मीटिंग में सौंपा गया।
फाउंडेशन के वरिष्ठ सदस्य एवं हेल्प आगरा के निवर्तमान अध्यक्ष राम शरण मित्तल ने यह चैक संस्था के प्रतिनिधियों को भेंट किया। इस अवसर पर हेल्प आगरा के वर्तमान अध्यक्ष सुरेंद्र जैन और महासचिव गौतम सेठ ने फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई एक्स-रे मशीन मिलने से संस्था और अधिक मरीजों को आधुनिक तकनीक आधारित बेहतर रेडियोलॉजिकल सेवा प्रदान कर सकेगी। इससे रोगों के सही निदान एवं उपचार की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब ऑफ आगरा के सम्मानित सदस्य तथा हेल्प आगरा के उपाध्यक्ष अजय मित्तल, कोषाध्यक्ष नरेश जैन और मंत्री नितिन अग्रवाल भी मौजूद रहे। सभी ने इस सहयोग को शहर की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
हेल्प आगरा की ओर से मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने बताया कि संस्था लगातार समाज के जरूरतमंद मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है और यह योगदान अत्यंत प्रेरणादायक है।