अंबेडकर-बुद्ध के चित्रों वाली फ्लोर टाइल्स से बवाल: सरकार नर्सिंग होम पर बसपाइयों का हल्ला बोल, पुलिस से भिड़ंत
आगरा। आगरा का दिल कहे जाने वाले देहलीगेट क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त बवाल मच गया जब यह खुलासा हुआ कि एक नर्सिंग होम के फ़र्श पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और भगवान बुद्ध के चित्रों वाली टाइल्स लगाई गई हैं। जैसे ही यह बात बहुजन समाज के लोगों तक पहुंची, थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित सरकार नर्सिंग होम पर बसपा और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने धावा बोल दिया।
-आक्रोशित बसपाई और भीम आर्मी कार्यकर्ता बोले- जिनके विचारों ने देश को दिशा दी, उनके चित्रों को पैरों तले रौंदा गया, अब नहीं सहेंगे अपमान
लोगों का गुस्सा इस कदर फूटा कि देखते ही देखते अस्पताल परिसर रणक्षेत्र बन गया। दर्जनों कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ नर्सिंग होम के बाहर प्रदर्शन किया, बल्कि पुलिस से धक्का-मुक्की और जोरदार बहस भी हुई। गुस्साई भीड़ ने चौकी प्रभारी के बैज और नेमप्लेट तक उखाड़ दिए।
ये अपमान नहीं तो क्या है? बसपा और भीम आर्मी की हुंकार
आक्रोशित कार्यकर्ताओं का कहना था, जिन बाबा साहब ने इस देश के संविधान की रचना की और जिन भगवान बुद्ध ने मानवता का संदेश दिया, उनके चित्रों को फ़र्श पर लगाना न केवल शर्मनाक है, बल्कि करोड़ों दलितों की भावनाओं का सीधा अपमान है। यह सुनियोजित मानसिकता को दर्शाता है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों में भिड़ंत
नर्सिंग होम पर प्रदर्शन की सूचना मिलने पर थाना हरीपर्वत पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ को काबू करने की कोशिश में बसपा और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हुई। हालात इतने बिगड़े कि आक्रोशित लोगों ने चौकी प्रभारी का बैज और नेमप्लेट भीड़ ने खींच लिए। तीखी बहस, धक्का-मुक्की और नारेबाजी देर तक चलती रही।
थाने पर जमी भीड़, चेतावनी का अल्टीमेटम
बाद में बसपा नेता और भीम आर्मी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में थाना हरीपर्वत पहुंचे और नर्सिंग होम प्रबंधन के खिलाफ लिखित तहरीर दी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, अगर तीन दिन के भीतर टाइल्स हटाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही नहीं हुई, तो हम सड़क से लेकर विधान भवन तक आंदोलन छेड़ेंगे। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व अजयशील गौतम समेत अन्य वरिष्ठ नेता कर रहे थे।
प्रशासन की सफाई और वादा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी ने बयान जारी करते हुए कहा, यह अत्यंत संवेदनशील विषय है। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस से हुई बदसलूकी पर भी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तारी होगी।