रुनकता बाजार जलभराव की चपेट में, दुकानदार और ग्रामीण बेहाल

आगरा। रुनकता गांव में बीते दिनों हुई तेज़ बारिश ने स्थानीय बाजार की सूरत बिगाड़ दी है। बाजार की सड़कों और दुकानों के सामने स्थायी जलभराव की स्थिति ने न केवल दुकानदारों, बल्कि आम नागरिकों की दिनचर्या को भी अस्त-व्यस्त कर दिया है।

Jul 17, 2025 - 17:47
 0
रुनकता बाजार जलभराव की चपेट में, दुकानदार और ग्रामीण बेहाल
रुनकता के बाजार में जलभराव का एक दृश्य, जिससे सब कुछ अस्त व्यस्त हो चुका है।

दुकानों के सामने गंदा पानी, व्यापार ठप
मुख्य बाजार में जगह-जगह भरे गंदे पानी के कारण दुकानों के सामने रास्ता बंद हो गया है। कीचड़ और फिसलन के चलते लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक आना बंद कर चुके हैं, जिससे व्यापार चौपट हो गया है। किशोर गोयल बताते हैं, पिछले तीन दिन में बिक्री आधी से भी कम हो गई है। ग्राहक लौट जाते हैं क्योंकि बाजार में घुसना ही मुश्किल है।

बच्चों और बुज़ुर्गों की परेशानी सबसे ज़्यादा
गांव के स्कूल जाने वाले बच्चे रोज़ इसी गंदे पानी से होकर स्कूल जा रहे हैं। कई बार बच्चे फिसल कर गिर जाते हैं और कपड़े-जूते कीचड़ से लथपथ हो जाते हैं। बुजुर्ग और बीमार ग्रामीण अब बाज़ार जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे।

हर साल दोहराई जाती है ये तस्वीर
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह कोई पहली बार नहीं हुआ। किशोर गोयल, मोहम्मद ताज, अंसार जर्राह, शंकर खन्ना, पाली कुरैशी, छोटू जैन सहित कई दुकानदारों ने बताया कि हर साल बरसात में यही हाल होता है, लेकिन न तो नालियों की सफाई होती है और न ही जल निकासी की कोई पुख्ता योजना बनाई जाती है।

प्रशासन से कड़ी नाराजगी
गांववासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बाजार बंद कर धरना प्रदर्शन करेंगे। लोगों ने मांग की है कि बाजार क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था की जाए और नालियों की नियमित सफाई हो।

-रिपोर्ट सौरभ सिंह, रुनकता

SP_Singh AURGURU Editor