वेनेजुएला के डार्क फ्लीट टैंकर को नहीं बचा पाई रूसी पनडुब्बी, अमेरिकी नौसेना ने पकड़ा

 अमेरिका ने वेनेजुएला के डार्क फ्लीट टैंकर को आइसलैंड और ब्रिटिश द्वीपों के बीच पकड़ लिया है। ऐसी सूचना थी कि इस टैंकर को रूसी पनडुब्बी एस्कॉर्ट कर रही थी। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि बेला 1 टैंकर को रूसी नौसेना के पहुंचने से पहले ही जब्त कर लिया गया है।  

Jan 7, 2026 - 21:42
 0
वेनेजुएला के डार्क फ्लीट टैंकर को नहीं बचा पाई रूसी पनडुब्बी, अमेरिकी नौसेना ने पकड़ा

वॉशिंगटन। अमेरिका ने वेनेजुएला से भाग रहे डार्क फ्लीट टैंकर को पकड़ लिया है। बड़ी बात यह है कि अमेरिका ने इस टैंकर को तब जब्त किया है, जब रूस ने इसकी रक्षा के लिए पनडुब्बी को तैनात करने का ऐलान किया था। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है कि वेनेजुएला के डार्क फ्लीट टैंकर तक रूसी पनडुब्बी और युद्धपोतों के पहुंचने से पहले ही उसे आइसलैंड और ब्रिटिश द्वीपों के बीच पकड़ लिया गया। इस टैंकर को बेला 1 के नाम से जाना जाता है। टैंकर ने अमेरिकी कार्रवाई से बचने के लिए इस पर फर्जी रूसी झंडा फहराया था।

अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि बेला 1 तेल टैंकर वेनेजुएला के पास अमेरिकी नाकेबंदी से बचकर भाग गया था। इसे पूर्वी अटलांटिक में एक रूसी पनडुब्बी एस्कार्ट करने वाली थी। बुधवार को अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने इस टैंकर पर कब्जा करने के लिए हेलीकॉप्टर और कम से कम चार कोस्ट गार्ड वेसल का इस्तेमाल किया था। अधिकारियों ने बताया कि इस तेल टैंकर को चलाने के लिए कैप्टन और मैकेनिकों को जहाज पर भेजा जाएगा।  

फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा और दो अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, अमेरिका ने इस तेल टैंकर पर कब्जे के ऑपरेशन में मदद के लिए P-8 पोसाइडन "सबमरीन-हंटर" विमान और AC-130J गनशिप को लगाया था। बेला 1 नाम का यह तेल टैंकर दो हफ्ते से ज्यादा समय से अमेरिकी जब्ती से बचने की कोशिश कर रहा था। व्हाइट हाउस के अनुसार, जब अमेरिका ने जहाज का पीछा करना शुरू किया, तो यह एक बिना देश का जहाज था, जिस पर रूस का झूठा झंडा फहरा रहा था।