आगरा में 9 और 10 दिसंबर को साईं चरण पादुका दर्शन यात्रा, दिल्ली के भजन गायक देंगे स्वरांजलि
दिसंबर माह की शुरुआत आगरा में आध्यात्मिक श्रद्धा और भक्ति रस के संग होने जा रही है। साईं भक्तों की अत्यंत प्रतीक्षित श्री साईं बाबा चरण पादुका दर्शन यात्रा 9 एवं 10 दिसंबर को प्रतापपुरा चौराहा के निकट द रमाना ग्रांड वैवाहिक स्थल पर भव्य रूप से आयोजित होगी, जिसके लिए तैयारियां पूरे उत्साह के साथ शुरू हो चुकी हैं।
आगरा। शहर में भक्तिमय उत्सव का माहौल बनने जा रहा है। श्री साईंबाबा की पवित्र चरण पादुका दर्शन यात्रा इस वर्ष 9 और 10 दिसंबर को आगरा पहुंचेगी। यह आयोजन प्रतापपुरा चौराहा के पास स्थित द रमाना ग्रांड वैवाहिक स्थल पर दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम के रूप में सम्पन्न होगा।
दिल्ली के प्रसिद्ध भजन गायक देंगे साईं चरणों में स्वरांजलि
आयोजन के संयोजक डॉ. अशोक रैना ने बताया कि कार्यक्रम को भव्य और अविस्मरणीय बनाने के लिए दिल्ली के प्रख्यात भजन गायक आमंत्रित किए गए हैं। 9 दिसंबर को आगरा के सुप्रसिद्ध भजन गायक मोहन शर्मा साईं संध्या में अपनी रचनाओं से भक्तों को भावविभोर करेंगे। 10 दिसंबर को दिल्ली के विख्यात गायक पुनीत खुराना और वॉइस ऑफ इंडिया 2019 की फाइनलिस्ट निधि कोहली साईं भजनों की प्रस्तुति देंगी।
तैयारियों में जुटी आयोजन समिति ने ज़िम्मेदारियां बांटीं
आज लोहामंडी स्थित शीना एक्सपोर्ट में डॉ. अशोक रैना की अध्यक्षता में आयोजन समिति की बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। समिति ने निर्णय लिया कि शहर के प्रमुख स्थानों पर बड़े पैमाने पर होर्डिंग्स लगाए जाएंगे, जिससे अधिकाधिक साईं भक्त कार्यक्रम से जुड़ सकें।
बैठक में साईं भक्तों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए। अजय गुप्ता- स्वागत समिति अध्यक्ष, पवन अग्रवाल- समिति उपाध्यक्ष, राजीव पोद्दार- कोषाध्यक्ष और दीपा गुरनानी को महिला विंग प्रभारी बनाया गया।
बैठक में डॉ. अशोक रैना, नितिन कोहली, राजीव पोद्दार, दीपक बत्रा, संजय सत्यदेव, सचिन मित्तल, संजय अग्रवाल, वी.के. परिहार, एल.एस. बघेल आदि मौजूद रहे।
आयोजन समिति का दावा है कि यह साईं पादुका दर्शन यात्रा आगरा में भक्ति, संगीत और अध्यात्म का एक यादगार उत्सव सिद्ध होगी।