अनुभव की विरासत को सलाम: ‘हमारे बुजुर्ग, हमारी धरोहर’ का विमोचन, समाज में बुजुर्गों के लिए सम्मान की अलख जगाएगी यह पुस्तक
आगरा। बुजुर्गों के सम्मान और उनके जीवन अनुभवों को सहेजने की अनूठी पहल के तहत लीडर्स आगरा और तपन ग्रुप द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘हमारे बुजुर्ग, हमारी धरोहर’ का विमोचन रविवार को रेनबो हॉस्पिटल के प्रभा मल्होत्रा वातानुकूलित हाल में किया गया। इस कार्यक्रम ने समाज को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि बुजुर्ग वास्तव में परिवार और समाज की सबसे बड़ी पूंजी हैं।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि ‘हमारे बुजुर्ग, हमारी धरोहर’ पुस्तक का मूल उद्देश्य समाज को यह संदेश देना है कि बुजुर्ग किसी भी परिवार की रीढ़ होते हैं। वे अनुभवों की खान होते हैं और जीवन के संध्या काल में उन्हें उपेक्षित नहीं बल्कि सम्मानित किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए महामंत्री सुनील जैन ने बताया कि ‘चलें, शहर को समर्पित बुजुर्ग विभूतियों के घर, उनका अभिनंदन एवं चरण वंदन करने’ अभियान के तहत यह पुस्तक तैयार की गई है। इस अभियान के अंतर्गत 80 वर्ष से अधिक आयु के 29 वरिष्ठजनों सहित कुल 34 कार्यक्रमों का संकलन इस पुस्तक में किया गया है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बुजुर्गों की उपेक्षा एक गंभीर सामाजिक समस्या बनती जा रही है, जिसे समाप्त करने के लिए संयुक्त परिवार की भावना को पुनर्जीवित करना बेहद आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि जब संस्था के सदस्य बुजुर्गों के घर पहुंचे तो परिवारों ने अत्यंत आत्मीयता से स्वागत किया। कुछ स्थानों पर तो विशेष कैटरिंग की व्यवस्था कर बुजुर्गों के सम्मान को और भी गरिमा दी गई, जो यह दर्शाता है कि समाज में आज भी संस्कार जीवित हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. पार्थसारथी शर्मा ने की, जबकि विशिष्ट अतिथियों में महंत गोपी गुरु, लीडर्स आगरा के संरक्षक सुरेश चंद्र गर्ग, डॉ. ज्ञान प्रकाश, केशव शर्मा, कुलदीप ठाकुर, डॉ. गिरधर शर्मा, रंजना पंवार, रोहित गोयल और प्रवेंद्र यादव की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की।
समाज की विभूतियों को भावभीनी श्रद्धांजलि
इस दौरान उन वरिष्ठजनों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिनका इस अभियान के दौरान सम्मान किया गया था, लेकिन पुस्तक विमोचन से पहले ही उनका निधन हो गया। इनमें पूर्व विधायक वीरेंद्र सोन, डॉ. आर.एम. मल्होत्रा और बांके लाल माहेश्वरी शामिल रहे।
मुख्यमंत्री और राज्यपाल के संदेशों से सजी पुस्तक
इस बहुरंगी पुस्तक में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई जनप्रतिनिधियों के संदेश शामिल हैं। साथ ही आगरा के प्रमुख समाजसेवियों जैसे सुरेश चंद्र गर्ग, पूरन डावर, पद्मश्री डॉ. आर.एस. पारीक, डॉ. उषा यादव, डॉ. डी.के. हाजरा और डॉ. वी.डी. अग्रवाल के जीवन अनुभवों को भी पुस्तक में स्थान दिया गया है।
रचनाकारों और सहयोगियों का सम्मान
समारोह में पुस्तक के लेखक एवं संपादक आदर्श नंदन गुप्ता, विशेष संपादक सुभाष रावत, राष्ट्रभाषा प्रिंटिंग प्रेस के स्वामी अभय सिंह और ग्राफिक डिजाइनर राजेश माहौर को भी सम्मानित किया गया।
उपस्थित गणमान्य जन
इस अवसर पर स्वीटी सिंह चौहान, सुनील बग्गा, हरिकांत शर्मा, राहुल जैन, अंजली गुप्ता, शिखा जैन, डॉ. अशोक कुशवाहा, रॉबिन जैन, संजय कुमार, सृष्टि दुबे, ऋतुराज दुबे, प्रभु दयाल, प्रभु दयाल सिंह, टी.एन. चौहान, विनीता सिंह, मनोज गोयल, पंकज सिंह, सुशील जैन, दीपू वर्मा, सोना वर्मा, विमान वर्मा, करण सिंह, दीपक सिंह, पूजा भौमिक, ज्योति बुद्धिराजा, राजदीप ग्रोवर, मोतीलाल जैन, राकेश आहूजा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।