कारगिल के रणबांकुरों को सलाम: बरेली में गूंजी भारतीय सेना की ताकत, आधुनिक हथियारों ने युवाओं में जगाया राष्ट्रसेवा का जज़्बा
-आरके सिंह- बरेली। कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय सेना ने बरेली में 24 और 25 जुलाई 2026 को दो दिवसीय आर्टिलरी इक्विपमेंट एवं हथियार प्रदर्शनी का आयोजन कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों और वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदर्शनी में भारतीय सेना की आधुनिक सैन्य क्षमता, अत्याधुनिक हथियार प्रणालियों और ऑपरेशनल तैयारियों का भव्य प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे विद्यार्थियों, शिक्षकों, एनसीसी कैडेट्स, पूर्व सैनिकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने सेना के आधुनिक उपकरणों को नजदीक से देखा तथा जवानों से संवाद कर देश की सीमाओं की सुरक्षा में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को समझा।
प्रदर्शनी के दौरान भारतीय सेना द्वारा उपयोग किए जाने वाले विभिन्न प्रकार के आर्टिलरी सिस्टम, इन्फैंट्री हथियार, सर्विलांस सिस्टम, कम्युनिकेशन इक्विपमेंट, एयर डिफेंस एसेट्स तथा अन्य विशेष सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। सेना के जवानों ने प्रत्येक हथियार और उपकरण की कार्यप्रणाली, उसकी उपयोगिता तथा युद्धक्षेत्र में उसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही विभिन्न भौगोलिक परिस्थितियों में सैन्य अभियानों के दौरान आने वाली चुनौतियों और उनसे निपटने की रणनीतियों पर भी प्रकाश डाला गया।
प्रदर्शनी में आए विद्यार्थियों ने आधुनिक तोपों, अत्याधुनिक हथियारों, एयर डिफेंस सिस्टम, निगरानी तकनीकों और युद्ध उपकरणों को करीब से देखा। सेना के अधिकारियों और जवानों ने युवाओं के प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्हें भारतीय सेना की कार्यशैली, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और राष्ट्र सुरक्षा के प्रति समर्पण से अवगत कराया। प्रदर्शनी में मौजूद हर हथियार देश की सुरक्षा की कहानी बयां करता नजर आया, जबकि हर सैनिक युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना।
भारतीय सेना ने बताया कि इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, पूर्व सैनिकों तथा सिविल प्रशासन के अधिकारियों को भारतीय सेना की ऑपरेशनल तैयारियों, आधुनिक सैन्य तकनीक और सैनिकों के उच्च पेशेवर कौशल से परिचित कराना है। साथ ही युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन, साहस और निस्वार्थ सेवा की भावना विकसित करना तथा उन्हें सशस्त्र सेनाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना भी इस कार्यक्रम का महत्वपूर्ण लक्ष्य है।
दो दिवसीय इस आयोजन में 11 विद्यालयों के 1,325 विद्यार्थियों और 71 शिक्षकों ने सहभागिता की। प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों के भीतर भारतीय सेना के प्रति सम्मान और गर्व की भावना को और मजबूत किया। कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने सेना के शौर्य, आधुनिक तकनीक और राष्ट्र रक्षा के संकल्प को निकट से महसूस किया।
भारतीय सेना ने कहा कि कारगिल विजय दिवस प्रत्येक वर्ष 26 जुलाई को मनाया जाता है। यह दिन ऑपरेशन विजय में भारत की ऐतिहासिक जीत की याद दिलाता है और उन वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर है जिन्होंने देश की संप्रभुता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। बरेली में आयोजित यह प्रदर्शनी भी उसी गौरवशाली परंपरा का हिस्सा रही, जिसने युवाओं के मन में राष्ट्रसेवा का संकल्प और भारतीय सेना के प्रति गर्व की भावना को नई ऊर्जा प्रदान की।