गुरु-शिष्य परंपरा को नमन: 4 अगस्त को 'गुरु शिल्पी सम्मान', कला साधकों का होगा अभिनंदन

आगरा। भारतीय संस्कृति की अमूल्य गुरु-शिष्य परंपरा को सम्मान देने और कला साधना के प्रति समाज में आदर की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ़ यूपी आगामी 4 अगस्त को 'गुरु शिल्पी सम्मान समारोह' आयोजित करेगा। समारोह में शास्त्रीय संगीत, वादन, नृत्य एवं कला जगत की प्रतिष्ठित विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा शुक्रवार को करकुंज रोड, आवास विकास स्थित भगत हलवाई रेस्टोरेंट में दीप प्रज्ज्वलन के साथ आमंत्रण पत्र के विमोचन के दौरान की गई।

Jul 31, 2026 - 22:39
 0
गुरु-शिष्य परंपरा को नमन: 4 अगस्त को 'गुरु शिल्पी सम्मान', कला साधकों का होगा अभिनंदन
करकुंज रोड, आवास विकास स्थित भगत हलवाई रेस्टोरेंट में आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ़ यूपी द्वारा आयोजित 'गुरु शिल्पी सम्मान समारोह' की घोषणा एवं आमंत्रण पत्र का विमोचन करते महासचिव कमलप्रीत सिंह 'शैंकी', उपाध्यक्ष मंजरी शुक्ला एवं अन्य पदाधिकारी।

संस्था के महासचिव कमलप्रीत सिंह 'शैंकी' ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा है। गुरु अपने ज्ञान, साधना, संस्कार और अनुभव से शिष्य के व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं तथा उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। आगरा की सांस्कृतिक भूमि पर ऐसे अनेक गुरु हैं, जिन्होंने अपनी कला और साधना से राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई है। उनके शिष्य आज देश-विदेश में भारतीय संस्कृति और कला का गौरव बढ़ा रहे हैं। ऐसे समर्पित गुरुजनों का सम्मान करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।

संस्था की उपाध्यक्ष मंजरी शुक्ला ने बताया कि 4 अगस्त को आयोजित होने वाले समारोह में शास्त्रीय गायन, वादन एवं नृत्य से जुड़े वरिष्ठ गुरुजन और कलाकारों को 'गुरु शिल्पी सम्मान' से अलंकृत किया जाएगा।

इन विभूतियों को मिलेगा 'गुरु शिल्पी सम्मान'

सम्मानित होने वाली विभूतियों में डॉ. रवि भटनागर, प्रतिभा तलेगांवकर, सुधीर नारायण, सदानंद भट्ट, मुरली तिवारी, गौतम तिवारी, सुभाष सक्सेना, शोबी माथुर, रविंद्र तालेगांवकर, पं. डॉ. देवाशीष गांगुली, अमान खान, गजेंद्र चौहान, वीरेंद्र भान गुप्ता, शुभाशीष गांगुली, डॉ. नीलू शर्मा, मनीष प्रभाकर, रमेश प्रभाकर, नंदन गुरु, फ्रांसिस मरिंडा, पुरुषोत्तम मयूरा, टोनी फास्टर, रोशनी गिडवानी तथा ज्योति खंडेलवाल शामिल हैं।

मंजरी शुक्ला ने कहा कि यह आयोजन केवल कलाकारों का सम्मान नहीं, बल्कि भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा, सांस्कृतिक मूल्यों और कला साधना के प्रति समाज में सम्मान एवं प्रेरणा का वातावरण तैयार करने का प्रयास है।

आमंत्रण पत्र के विमोचन अवसर पर उपाध्यक्ष बी. शिरोमणि, सचिव अनिल वर्मा, कार्यकारिणी सदस्य ललित शर्मा, अनूप सिंह, योगेश सिंह, अपूर्व तथा अनिल सविता सहित संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor