आगरा में बारिश के दौरान दलितों के मकान ढहने के मामले में सपा ने प्रशासन को घेरा, डीएम ने दिया दो दिन में राहत का आश्वासन

आगरा। छावनी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या-41 बालूगंज स्थित बनी सिंह स्कूल के पास भारी बारिश के कारण दलित एवं खटीक (सोनकर) समाज के दर्जनों परिवारों पर संकट टूट पड़ा था। लगातार बारिश से कई मकान धराशायी हो गए, जबकि अनेक मकान जर्जर और खतरनाक स्थिति में पहुंच गए हैं। समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल मौके पर पहुंचा और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

Jun 4, 2026 - 19:33
 0
आगरा में बारिश के दौरान दलितों के मकान ढहने के मामले में सपा ने प्रशासन को घेरा, डीएम ने दिया दो दिन में राहत का आश्वासन
बारिश के दौरान बालूगंज में दलितों के मकान ढहने के मामले में मौके पर पहुंचे सपा के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास एवं अन्य पदाधिकारी।

सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और मकानों को हुए नुकसान का जायजा लिया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भारी बारिश ने गरीब परिवारों की जिंदगी को संकट में डाल दिया है और प्रशासन को तत्काल राहत एवं पुनर्वास की व्यवस्था करनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी मनीष बंसल से वार्ता कर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तहसीलदार सदर को निर्देश दिए कि अगले दो दिनों के भीतर प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन की ओर से शीघ्र सर्वे कराकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया।

शब्बीर अब्बास ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर परिस्थिति में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के मकान ढहे हैं, उन्हें तत्काल राहत, सुरक्षित आवास और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में गरीब परिवारों का प्रभावित होना बेहद दुखद है। समाजवादी पार्टी लगातार इस पूरे मामले की निगरानी करेगी और जरूरत पड़ने पर पीड़ितों की आवाज को हर स्तर पर उठाएगी।

प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवारों में सतीश सोनकर, विनोद सोनकर, मुकेश सोनकर, अजय सोनकर, अनिल सोनकर, प्रदीप सोनकर और सुरेश सोनकर सहित अन्य परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधिमंडल में राहुल चतुर्वेदी, राम सहाय यादव, फारूक शेर, पंडित पुष्पेंद्र शर्मा, राहुल चौधरी, चौधरी फरहान, जमील खान, नरेंद्र सिंह नंद, आमिर सिंह फौजदार, अफरोज सैफी, हर्षवर्धन धाकड़, अखिल अब्बास, विनोद श्रोत्रिय, इमरान अब्बास, राशिद मेव, राजा अहमद, देवेंद्र दीक्षित, सागर चौहान, आफताब कुरेशी, आदिल चौधरी, समीर नेता सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor