समाजवादी पार्टी घुसपैठियों को रिश्तेदार मानकर बसाना चाहती है, बरेली में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बोले- मगध-बिहार हारे, अब क्या कहेंगे अखिलेश यादव  

बरेली दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को सपा और अखिलेश यादव पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी वोट बैंक के लिए घुसपैठियों को संरक्षण देना चाहती है, जबकि भाजपा एसआईआर प्रक्रिया को लोकतंत्र की मजबूती का सबसे बड़ा साधन मानती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने सपा, कांग्रेस और विपक्षी दलों पर भ्रम फैलाने और दोहरी राजनीति करने का आरोप भी लगाया।

Dec 10, 2025 - 19:53
 0
समाजवादी पार्टी घुसपैठियों को रिश्तेदार मानकर बसाना चाहती है, बरेली में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बोले- मगध-बिहार हारे, अब क्या कहेंगे अखिलेश यादव   
बरेली में बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य। साथ में उत्तर प्रदेश के वन राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार।

-रमेश कुमार सिंह-

बरेली। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को यहां विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा घुसपैठियों को रिश्तेदार मानकर बसाना चाहती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी वास्तव में समाजवादी नहीं, बल्कि नमाजवादी, परिवारवादी और भ्रष्टाचारवादी पार्टी है, जो गुंडों और अपराधियों को संरक्षण देने का काम करती है।

उप मुख्यमंत्री बरेली में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार और महापौर डॉ. उमेश गौतम के यहां एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। उन्होंने कहा कि एसआईआर लागू होने से लोकतंत्र और मजबूत होगा और भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता गलत कार्य नहीं कर सकता।

सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव फर्जी मतदाताओं के सहारे चुनाव जीतना चाहते हैं और चाहते हैं कि उनका एक-एक कार्यकर्ता हजार जगह वोट डाले। मौर्य ने दावा किया कि एसआईआर लोकतंत्र का पवित्र महायज्ञ  है, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि सपा, कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके जैसी पार्टियां अंदरखाने एसआईआर में हिस्सा ले रही हैं, लेकिन बाहर विरोध कर रही हैं, जो पूरी तरह बेमतलब का विरोध है।

बिहार चुनाव को लेकर भी उन्होंने सपा–कांग्रेस गठबंधन पर कटाक्ष किया और कहा कि वो मगध–बिहार हारे, अब क्या कहेंगे?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए मौर्य ने कहा कि राहुल भारत में रहें या विदेश में, भाजपा पर कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि जनता उसी नेता को स्वीकार करेगी जो जमीन पर रहकर कार्य करेगा।

एसआईआर प्रक्रिया पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अभी केवल फॉर्म जमा हो रहे हैं, बाद में मतदाता सूची प्रकाशित होगी, फिर फॉर्म 6, 7, 8 भरने की प्रक्रिया शुरू होगी और अंत में अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।

SP_Singh AURGURU Editor