आज़म खान की रिहाई पर आगरा में सपाइयों ने मनाया जश्न, बांटे गए लड्डू और गूंजे नारे

आगरा। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मोहम्मद आज़म खान की सीतापुर जेल से लगभग 23 महीने बाद हुई रिहाई ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर दी है। उनकी रिहाई की खबर आगरा पहुंचते ही सपा कार्यालय फतेहाबाद रोड पर उत्सव का माहौल छा गया। तमाम कार्यकर्ता लड्डू बांटकर और नारे लगाकर अपनी खुशी का इज़हार करते दिखाई दिए।

Sep 23, 2025 - 20:26
 0
आज़म खान की रिहाई पर आगरा में सपाइयों ने मनाया जश्न, बांटे गए लड्डू और गूंजे नारे
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां की जेल से रिहाई पर आगरा में लड्डू बांटकर खुशी मनाते वरिष्ठ नेता वाजित निसार और अन्य सपा कार्यकर्ता।

मंगलवार को जिला कार्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम में सपा के निवर्तमान शहर अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार ने नेतृत्व संभाला। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हजारों की संख्या में आए समर्थकों को लड्डू वितरित किए। पूरे कार्यक्रम स्थल पर समाजवादी पार्टी जिंदाबाद, अखिलेश यादव जिंदाबाद, आज़म खान जिंदाबाद जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।

चौधरी वाजिद निसार ने इस अवसर पर कहा कि यह सत्य और न्याय की जीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज़म खान को छोटे-छोटे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजा गया था, लेकिन सच की हमेशा जीत होती है। उनकी रिहाई से कार्यकर्ताओं का मनोबल और मजबूत हुआ है।

इस मौके पर निवर्तमान अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार, पूर्व महासचिव श्याम भोजवानी, पप्पू यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर हर्ष व्यक्त किया और पार्टी के पक्ष में माहौल और उत्साह को और प्रबल कर दिया।

SP_Singh AURGURU Editor