समर्पण हॉस्पिटल को मिली हीमोडायलिसिस मशीन, जरूरतमंद मरीजों को मिलेगा जीवनदान
आगरा। किडनी रोगियों के लिए लायंस क्लब आगरा प्रयास और माया मित्तल चैरिटेबल ट्रस्ट ने संयुक्त सेवा प्रयास के तहत बड़ी राहत दी है। मंगलवार को दिल्ली गेट स्थित समर्पण चैरिटेबल ट्रॉमा हॉस्पिटल को एक अत्याधुनिक हीमोडायलिसिस मशीन भेंट की गई, जिससे अब जरूरतमंद मरीजों को लागत मूल्य पर डायलिसिस की सुविधा मिल सकेगी।
-लायंस क्लब प्रयास और माया मित्तल ट्रस्ट का संयुक्त सेवा उपक्रम, महापौर सहित कई गणमान्य हुए शामिल
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, एलआइइपीसी चेयरमैन जितेंद्र चौहान, फुटवियर एंड लेदर इंडस्ट्री के अध्यक्ष पूरन डावर, डॉ रंजना बंसल और लायंस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ स्वाति माथुर समेत कई विशिष्टजन मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत पौधारोपण कर किया गया और मानसून में हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान लायंस क्लब प्रयास की अध्यक्ष अशु मित्तल ने क्लब सदस्यों की ओर से 8 लाख रुपए का चेक हॉस्पिटल प्रबंधन को भेंट किया। महापौर ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह मशीन उन हजारों मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी जो महंगे निजी अस्पतालों में इलाज कराने में असमर्थ हैं।
एलआइइपीसी चेयरमैन जितेंद्र चौहान ने कहा, लायंस क्लब प्रयास का सेवा भाव अनुकरणीय है। आज के समय में जब डायलिसिस की जरूरतें लगातार बढ़ रही हैं, ऐसे में यह मशीन गरीब मरीजों को बड़ी राहत देगी।
अध्यक्ष अशु मित्तल ने बताया कि क्लब हमेशा जरूरतमंदों की सेवा में अग्रणी रहा है और आगे भी इसी प्रकार स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देता रहेगा।
क्या है हीमोडायलिसिस मशीन और कैसे करती है काम?
यह मशीन किडनी फेलियर से ग्रस्त रोगियों के शरीर से विषैले तत्व, अपशिष्ट और अतिरिक्त तरल को बाहर निकालती है। यह रक्त को मशीन में खींचती है, उसे कृत्रिम किडनी (डायलाइज़र) से फ़िल्टर करती है और साफ रक्त को दोबारा शरीर में प्रवाहित करती है। यह प्रक्रिया उन मरीजों के लिए जीवन रक्षक है जिनकी किडनी पर्याप्त कार्य नहीं कर पा रही होती।
कार्यक्रम इनकी रही मौजूदगी
सचिव मनीष बंसल, कोषाध्यक्ष शिप्रा बंसल, डॉ परिणीता बंसल, मयूरी मित्तल, आशु जैन, रचना अग्रवाल, सुरभि पाटनी, शालिनी, रेखा बत्रा, रीना गर्ग, पंकज गर्ग, सीनू कोहली, आभा, अनिल सरीन, संजीव मित्तल, राकेश क्षेत्रपाल, राजेश हेमदेव, कपिल मगन, योगेश मित्तल, विनय मित्तल, निधि लाल समेत अनेक समाजसेवी मौजूद रहे।