देवभूमि की पवित्रता से समझौता नहीं, रोहिंग्या-बांग्लादेशी सबसे बड़ा खतरा बन चुके हैं, बरेली से भगत सिंह कोश्यारी का विपक्ष और घुसपैठ पर तीखा प्रहार

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने बरेली की धरती से विपक्ष और अवैध घुसपैठियों के खिलाफ तीखा और आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा कि रोहिंग्या और बांग्लादेशी देवभूमि की पवित्रता और पहचान के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में भी यदि जरूरत पड़ी तो घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कानून लाए जा सकते हैं।

Jan 15, 2026 - 23:34
 0
देवभूमि की पवित्रता से समझौता नहीं, रोहिंग्या-बांग्लादेशी सबसे बड़ा खतरा बन चुके हैं, बरेली से भगत सिंह कोश्यारी का विपक्ष और घुसपैठ पर तीखा प्रहार
बरेली में पत्रकारों से बात करते पूर्व राज्यपाल और पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी।

पूर्व राज्यपाल गुरुवार रात सर्किट हाउस, बरेली में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले वे बरेली क्लब ग्राउंड में आयोजित 30वें उत्तरायणी मेले के अंतिम दिन शामिल हुए।

उत्तराखंड की जमीन सीमित, डेमोग्राफी बदलने की साजिश

कोश्यारी ने कहा कि उत्तराखंड में केवल 20 प्रतिशत भूमि ही रहने योग्य है, शेष हिस्सा जंगलों और नदियों से आच्छादित है। ऐसे संवेदनशील भौगोलिक राज्य में रोहिंग्या और बांग्लादेशियों का बसना जनसांख्यिकीय बदलाव की सोची-समझी साजिश है। उन्होंने इसे सीधे तौर पर लैंड जिहाद से जोड़ा और कहा कि इससे राज्य की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान खतरे में पड़ रही है।

अंकिता भंडारी मामला: विपक्ष कर रहा लाशों की राजनीति

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कोश्यारी ने कहा कि धामी सरकार ने इस मामले में पूरी तत्परता से कार्रवाई की, दोषियों को सजा दिलाई गई। इसके बावजूद विपक्ष का बार-बार इस मुद्दे को उठाना केवल राजनीतिक लाभ के लिए लाशों की राजनीति है।

उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि अगर विपक्ष के पास कोई ठोस सबूत थे तो अदालत में क्यों नहीं दिए? अब कल्पनाओं के आधार पर शोर मचाना मृतका की आत्मा को कष्ट देने जैसा है। उन्होंने विपक्ष की तुलना करते हुए कहा कि उनकी जिद बच्चों से भी बदतर है।

देवभूमि की रक्षा सर्वोपरि, सख्त कानून जरूरी

कोश्यारी ने साफ कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और इसकी पवित्रता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा बनाए गए सख्त कानूनों की सराहना करते हुए कहा कि घुसपैठियों पर कठोर कार्रवाई समय की मांग है।

योगी मॉडल की तारीफ, यूपी में भी लागू हो सकता है उत्तराखंड मॉडल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खुलकर प्रशंसा करते हुए कोश्यारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद देश में सबसे ज्यादा चर्चा आज योगी आदित्यनाथ की होती है। उन्होंने संकेत दिए कि उत्तराखंड में लागू सख्त कानूनों का मॉडल उत्तर प्रदेश में भी लागू किया जा सकता है।

धामी धर्म रक्षक, शंकराचार्यों ने भी सराहा

कोश्यारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को धर्म रक्षक बताते हुए कहा कि देश के शंकराचार्यों ने भी उनके कार्यों को धर्म की रक्षा से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि धर्म की रक्षा से ही समाज सुरक्षित रहता है और देश मजबूत बनता है।

SP_Singh AURGURU Editor