सेनेटरी सुपरवाइजर संघ का हुआ विस्तार, रंजीत नारवार बने अध्यक्ष, सुनील पारस को आउटसोर्सिंग प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी

आगरा। नगर की सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों के हितों और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बुधवार को एमजी रोड स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर में सेनेटरी सुपरवाइजर संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार पर व्यापक मंथन किया गया तथा नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सफाई नायक, सेनेटरी सुपरवाइजर तथा विभिन्न संवर्गों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Jun 4, 2026 - 22:12
Jun 4, 2026 - 22:12
 0
सेनेटरी सुपरवाइजर संघ का हुआ विस्तार, रंजीत नारवार बने अध्यक्ष, सुनील पारस को आउटसोर्सिंग प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी
भगवान वाल्मीकि मंदिर में आयोजित सेनेटरी सुपरवाइजर संघ की बैठक में नवनियुक्त अध्यक्ष रंजीत नारवार एवं आउटसोर्सिंग प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुनील पारस का स्वागत करते पदाधिकारी एवं कर्मचारी।

बैठक के दौरान संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देने के उद्देश्य से रंजीत नारवार को सर्वसम्मति से सेनेटरी सुपरवाइजर संघ का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके साथ ही संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आउटसोर्सिंग प्रकोष्ठ का गठन किया गया, जिसमें सुनील पारस को सर्वसम्मति से अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नवनियुक्त अध्यक्ष रंजीत नारवार ने कहा कि संगठन सफाई कर्मचारियों की समस्याओं, अधिकारों और सुविधाओं के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करेगा। कर्मचारियों की आवाज को प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और उनके हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। वहीं सुनील पारस ने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व पार्षद जितेंद्र वाल्मीकि ने कहा कि सफाई व्यवस्था शहर की रीढ़ है और सफाई नायकों के सम्मान तथा अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूत संगठन की आवश्यकता है।

बैठक में संगठन को मजबूत करने, कर्मचारियों की एकजुटता बढ़ाने और सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सभी उपस्थित सदस्यों ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए एकजुट होकर कर्मचारियों के हितों के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर रामजीलाल विद्यार्थी, राजकुमार विद्यार्थी, रोहित लवानिया, राजेश साहू, संजय पाथरे, शैलेंद्र पुंडीर, राकेश सिंह, भूदेव शर्मा, राजवीर बघेल, नीरज भाई, विशाल चौहान, कुलदीप गौहर, राजेश चौहान, शरद थनवार, मजीद मोहम्मद, संजय लहरी, आकाश कुमार, राज नारवार सहित सफाई संवर्ग के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor