सरफराज ने बंगलुरू टेस्ट में शतक बना कर भारत को किया मजबूत
बंगलुरू। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज हो चुका है। इसका पहला टेस्ट मैच 16 अक्टूबर से बंगलुरु एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहली पारी में भारतीय टीम पूरी तरह बिखर गई थी। जिसके बाद भारतीय टीम ने दूसरी पारी में शानदार वापसी की है। इस वापसी में सरफराज खान का बड़ा योगदान रहा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा है।
दूसरी पारी में टीम इंडिया ने रोहित शर्मा के रूप में अपना दूसरा विकेट खो दिया, जिसके बाद चौथे नंबर पर सरफराज खान क्रीज पर आए। सरफराज ने विराट कोहली के साथ 163 गेंदों पर 136 रनों की साझेदारी निभाई। विराट कोहली के आउट होने के बाद उन्होंने ऋषभ पंत के साथ अपनी पारी को आगे बढ़ाया।
सरफराज खान ने 110 गेंदों पर अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा। उन्होंने यह शतक 56.3 ओवर में टिम साउदी की गेंद पर चौका लगाकर बनाया। पहली पारी में शून्य पर आउट होने के बाद सरफराज खान ने बेहतरीन खेल दिखाया और भारतीय टीम को मैच में वापस लाने में बड़ी भूमिका निभाई।