आगरा में सतीश महाना बोले- खत्री समाज बने आदर्श नेतृत्व का प्रतीक, प्रांतीय अध्य़क्ष ने ली शपथ
आगरा। सेवा ही संस्कार और समरसता ही शक्ति है, यही खत्री समाज की पहचान है। यह संदेश गुरुवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने दिया। वे खत्री सभा उत्तर प्रदेश इकाई द्वारा सिकंदरा रोड स्थित ओपल कोर्टयार्ड में आयोजित गोष्ठी एवं शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने समाज को एकजुटता, सेवा और आदर्श नेतृत्व की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सतीश महाना द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मंच पर उनके साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय माधव खन्ना, मुख्य संरक्षक राजकुमार टंडन, एसपी अरोड़ा (जोधपुर), संयोजक पूरन डावर, आयोजक ओम सेठ, राममोहन कपूर, गौतम सेठ, और नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमित खत्री उपस्थित रहे।
सेवा और समर्पण से ही बढ़ती है संस्था
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा, खत्री समाज सदैव उद्यम, विनम्रता और सेवा भावना के लिए जाना जाता है। जो व्यक्ति समाज में दूसरों को ऊपर उठाने का कार्य करता है, वही सच्चा नेता कहलाता है। संस्था को आगे बढ़ाने के लिए सेवा और समर्पण आवश्यक है, मनोरंजन या दिखावे से नहीं।
उन्होंने आगे कहा, जो व्यक्ति स्वयं को संस्था से बड़ा मानता है, वह ठहर जाता है; जो संस्था को बड़ा मानता है, वही आगे बढ़ता है।
अमित खत्री ने लिया सेवा का संकल्प
मुख्य अतिथि द्वारा अमित खत्री को प्रांतीय अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के बाद अमित खत्री ने कहा, वरिष्ठों के अनुभव और युवाओं के जोश के संगम से संस्था को संगठित और मजबूत बनाया जाएगा। हमारा लक्ष्य शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में ठोस पहल कर समाज को एक नई दिशा देना है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय माधव खन्ना ने विश्वास व्यक्त किया कि अमित खत्री अपने कार्यकाल में संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देंगे। वहीं किशोर खन्ना ने स्वागत उद्बोधन में आगरा के युवा अमित खत्री को पूरे प्रदेश के खत्री समाज का प्रतिनिधि बनने पर शुभकामनाएं दीं।
फुटवियर एवं लेदर इंडस्ट्री काउंसिल के अध्यक्ष पूरन डावर ने कहा, खत्री समाज शब्दों से नहीं, कर्मों से अपनी पहचान बनाता है। यह समाज शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि समाज के उत्थान और विकास के लिए कार्य करता है।
राममोहन कपूर ने कहा, हमें अपनी परंपराओं और मूल्यों पर गर्व है। हमें मिलकर समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
एसपी अरोड़ा (जोधपुर) ने खत्री सभा का विधान अध्यक्ष अमित खत्री को सौंपा। महिला सदस्यों द्वारा प्रस्तुत जाति गान ने समारोह का वातावरण उत्साहपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन आर.के. टंडन और नेहा सहगल ने किया, जबकि व्यवस्था में शीला बहल, आरती मेहरा, विकास कक्कड़, सिद्धि कपूर, पायल अरोड़ा, निधि अरोड़ा, अजय कपूर, संतोष कपूर की भूमिका सराहनीय रही।
कमल कपूर, राजू मेहरा, शिव प्रकाश अरोड़ा, नवीन अरोड़ा, राजेश खुराना, बंटी ग्रोवर, रेणुका डांग, चंदर सचदेवा सहित समाज के अनेक वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। समापन पर मुख्य अतिथि सतीश महाना ने सभी सहयोगी सदस्यों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।