स्कूली बच्चों ने वन्य जीवों के प्रति अपनी भावनाएं उकेरी
आगरा। भारतीय वन्यजीव संस्थान की जलज परियोजना के अंतर्गत कैंट स्थित पीएम श्री केवी -3 में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने वन्य जीवों को लेकर अपनी भावनाओं को तूलिका से आकार दिया।

जलीय जैव विविधता और नदी संसाधनों के संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भारतीय वन्यजीव संस्थान ने इस प्रतियोगिता के जरिए बच्चों को जोड़ा। इस कार्यक्रम में विद्यालय के 135 छात्रों ने भाग लिया। एक समूह में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थी शामिल थे और दूसरे समूह में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी थे।
इन किशोर कलाकारों ने 'जल संरक्षण' और 'वन्यजीव संरक्षण' जैसे दो महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी रचनात्मकता को चित्रों के माध्यम से व्यक्त किया। प्रतियोगिता के द्वारा विद्यार्थियों को पर्यावरणीय मुद्दों की समझ और प्रकृति के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच मिला।
कार्यक्रम के दौरान, भारतीय वन्यजीव संस्थान से सीनियर प्रोजेक्ट एसोसिएट सुश्री स्नेहा शर्मा और जलज तकनीकी सहायक सुश्री निहारिका सिंह ने छात्रों को गंगा नदी और उसकी सहायक नदी यमुना की जैव विविधता की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में बताया।
उन्होंने जलीय जीवों पर प्लास्टिक कचरे के हानिकारक प्रभावों को रेखांकित किया और प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने के व्यावहारिक उपाय सुझाए। साथ ही छात्रों को पर्यावरण के अनुकूल आदतें अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य उपेंद्र कुमार, उप-प्रधानाचार्य ब्रजबाला और कला एवं शिक्षा की शिक्षक राजेश पुनिया को संस्थान के अधिकारियों ने सम्मानित किया।