नाले पर खड़ा स्कूल, नीचे बहता पानी, बालूगंज पहुंच डीएम मनीष बंसल भी रह गए हैरान

बालूगंज में चार मकान गिरने की घटना के बाद डीएम मनीष बंसल ने मौके का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि बेनी सिंह इंटर कॉलेज की इमारत नाले के ऊपर बनी है और उसके नीचे से नाला गुजर रहा है। विद्यालय भवन जर्जर अवस्था में पाया गया। सुरक्षा को देखते हुए डीएम ने विद्यालय में पढ़ रहे 20 विद्यार्थियों को निकटवर्ती सुरक्षित स्कूल में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं। मकान गिरने की वजह नाले का पानी नींव तक पहुंचना और भवनों का कमजोर होना माना जा रहा है।

Jun 3, 2026 - 18:42
 0
नाले पर खड़ा स्कूल, नीचे बहता पानी, बालूगंज पहुंच डीएम मनीष बंसल भी रह गए हैरान
डीएम मनीष बंसल क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए।

आगरा। आगरा के बालूगंज क्षेत्र में बारिश के बाद चार मकानों के ढहने की घटना ने प्रशासन को भी झकझोर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल स्वयं मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जो तस्वीर सामने आई, उसने अधिकारियों को भी हैरान कर दिया।

जांच में पता चला कि क्षेत्र स्थित बेनी सिंह इंटर कॉलेज की इमारत सीधे नाले के ऊपर बनी हुई है और भवन के बीचोंबीच से नाला गुजर रहा है। डीएम ने जब स्कूल भवन और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया तो पाया कि भवन काफी पुराना और जर्जर हो चुका है, जबकि आसपास कई मकानों में भी दरारें पड़ चुकी हैं।

दरअसल, सोमवार तड़के हुई बारिश के बाद बालूगंज निवासी अजय के परिवार के चार मकान अचानक भरभराकर गिर गए थे। राहत की बात यह रही कि हादसे से कुछ समय पहले ही परिवार के लोग घरों से बाहर निकल गए थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ये मकान नाले के किनारे बने हुए थे। वहीं, पास स्थित बेनी सिंह इंटर कॉलेज की एक कक्षा का फर्श कुछ समय पहले नाले में धंस गया था। इसके चलते नाले का प्रवाह प्रभावित हुआ और पानी मकानों की नींव तक पहुंचने लगा। लगातार रिसाव और बारिश के कारण मकानों की दीवारें कमजोर हो गईं, जिसके चलते वे ढह गए।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन ने प्रशासन को बताया कि स्कूल भवन अत्यंत पुराना और जर्जर हो चुका है। इसकी संरचनात्मक स्थिति विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए उपयुक्त नहीं है। वर्तमान में विद्यालय में करीब 20 छात्र अध्ययनरत हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि विद्यालय में पढ़ रहे सभी छात्रों को जल्द से जल्द किसी सुरक्षित और निकटवर्ती विद्यालय में स्थानांतरित किया जाए। साथ ही भवन की तकनीकी जांच कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

प्रशासन अब क्षेत्र में मौजूद अन्य जर्जर मकानों और नाले के आसपास बनी संरचनाओं की भी जांच कराने की तैयारी कर रहा है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।