मोती कटरा में आस्था का सागर: गणगौर मेले में उमड़ी भीड़, आरती-छप्पन भोग और भव्य शोभायात्रा
आगरा। शहर के ऐतिहासिक मोती कटरा क्षेत्र में आयोजित श्री गणगौर मेले ने रविवार को आस्था, परंपरा और भव्यता का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। बड़ा सेव चौराहा पर जैसे ही मेले का शुभारंभ हुआ, श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और आरती, छप्पन भोग व शोभायात्रा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मेले का विधिवत उद्घाटन आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गणगौर मेला आगरा की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो समाज को एकता और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने आयोजन की भव्यता की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों को बधाई दी।
आगरा महावर वैश्य सभा के अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि इस बार मोती कटरा क्षेत्र में 15 ईसर-गौरा के जोड़ों को विशेष रूप से आकर्षक पोशाकों और रत्न-जटित आभूषणों से सजाया गया। इनकी भव्यता देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
कार्यक्रम के तहत बैंड-बाजों के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सुसज्जित ईसर-गौरा के जोड़ों को पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार प्राचीन कुएं, मोती कटरा पर जल पिलाने ले जाया गया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर मंत्री शरण गुप्ता, कोषाध्यक्ष प्रकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और मेले की धार्मिक व सांस्कृतिक गरिमा को बढ़ाया।