छात्राओं के शोषण के आरोपी चैतन्यानंद की तलाश तेज़, आगरा में लास्ट लोकेशन थी
आगरा/नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस दिल्ली स्थित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऒफ इंडियन मैनेजमेंट के फरार डाइरेक्टर पार्थसारथी उर्फ चैतन्यानंद के आगरा में लिंक के बारे में पता लगा रही है। इंस्टीट्यूट की 17 लड़कियों द्वारा गंदी बातें करने और यौन शोषण के लिए दबाव बनाने की शिकायत किए जाने के बाद से ही फरार हुए चैतन्यानंद की लास्ट लोकेशन आगरा में ट्रेस हुई है। इसके बाद वह कहां गया, पता नहीं चल पा रहा है।
दिल्ली पुलिस द्वारा 17 लड़कियों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों के बाद चैतन्यानंद उर्फ पार्थसारथी सरस्वती के खिलाफ यौन उत्पीड़न के लिए बलपूर्वक दबाव बनाने, धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोपों की जांच की जा रही है। आरोप है कि श्री शारदा इंस्टीट्यूट के डाइरेक्टर चैतन्यानंद ने लड़कियों को फोन और मैसेज के माध्यम से अपने कमरे में आने के लिए दबाव डाला, विदेश में ट्रिप का वायदा किया। बात न मानने पर फेल करवाने की धमकी दी। दिल्ली पुलिस को चैतन्यानंद की लास्ट लोकेशन आगरा में मिली है। इसी आधार पर दिल्ली पुलिस यह पता लगा रही है कि चैतन्यानंद आगरा में कहां पर रुका था।
शिकायतों में बताया गया कि चैतन्यानंद ने लड़कियों के फोन पर गंदी बातें कीं और यूएन में नौकरी लगवाने का झांसा देकर गलत डिमांड की। इस मामले में 17 लड़कियों सामने आ चुकी हैं जबकि पीड़िताओं की संख्या 32 बताई जा रही है। लड़कियों ने आरोप लगाया कि चैतन्यानंद ने उन्हें आश्रम और इंस्टीट्यूट परिसर में छेड़छाड़ का भी शिकार बनाया।
आरोपी पार्थसारथी उर्फ चैतन्यानंद ने एक लड़की को फोन पर मैसेज भेजा- मेरे कमरे में आ जाओ। इसके बाद दूसरा मैसेज भेजृ तुम्हें ट्रिप पर विदेश भेजूंगा, तुम्हें कोई खर्चा नहीं करना पड़ेगा। उसका तीसरा मैसेज धमकी भरा था। लिखा- अगर मेरी बात नहीं मानी तो तुम्हें फेल करवा दूंगा।
दिल्ली पुलिस ने जांच के दौरान चैतन्यानंद के आश्रम के बेसमेंट से एक लग्जरी गाड़ी बरामद की है, जिस पर डिप्लोमेटिक नंबर प्लेट लगी हुई थी। कई और नंबर प्लेट बरामद हुईं। सभी नंबर प्लेटों पर 'UN' लिखा हुआ था। इससे भी पता चलता है कि चैतन्यानंद साधु के वेश में फ्रॊड था। इस गाड़ी और अन्य सबूतों की मदद से दिल्ली पुलिस ने चैतन्यानंद की गतिविधियों का ट्रैक किया।
शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट में डाइरेक्टर के पद पर रहकर चैतन्यानंद ने कई छात्रों और छात्राओं को यूएन में नौकरी का झांसा देकर उनके साथ मनमानी करना चाहता था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच और आरोपी की खोजबीन शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि चैतन्यानंद की गिरफ्तारी और उसके ठिकानों की पहचान प्राथमिकता में है, क्योंकि उसके खिलाफ दर्ज शिकायतों की संख्या लगातार बढ़ रही है और मामले में अंतरराष्ट्रीय और डिप्लोमेटिक आयाम भी जुड़े होने की संभावना है।