आगरा सिविल एयरपोर्ट का दूसरा चरण जून से शुरू: रनवे विस्तार, बाउंड्री निर्माण और पर्यावरण क्लीयरेंस अंतिम चरण में
आगरा के नए सिविल एयरपोर्ट का दूसरा चरण जून 2025 से शुरू होने जा रहा है, जिसमें मुख्य रूप से रनवे कनेक्टिविटी, भूमि घेराबंदी और पर्यावरण क्लीयरेंस जैसे कार्य प्राथमिकता में हैं। 400 में से 70 पिलर टर्मिनल भवन के लिए तैयार हो चुके हैं। 121 पेड़ों की शिफ्टिंग और 3000 नए वृक्षारोपण की पुष्टि डीएफओ से अपेक्षित है। जनसुनवाई और बोर्ड सूचना प्रणाली भी सक्रिय की गई है।
4,000 नए पेड़ लगाकर क्लीयरेंस की तैयारी, टर्मिनल के 70 पिलर खड़े, परियोजना से भारी राजस्व की उम्मीद
आगरा। आगरा के नागरिकों और पर्यटकों के लिए राहत की बड़ी खबर है। पं. दीनदयाल उपाध्याय सिविल एयरपोर्ट परियोजना का दूसरा चरण जून 2025 से शुरू होने जा रहा है। इस चरण में रनवे का निर्माण, भूमि सीमांकन, पर्यावरणीय क्लीयरेंस और अन्य आधारभूत संरचना कार्यों की गति तेज कर दी गई है।
रनवे का विस्तार और फेस-2 की निविदा प्रक्रिया
दूसरे चरण के तहत मुख्य रूप से एयरफोर्स स्टेशन आगरा से कनेक्टिविटी रखने वाले रनवे का निर्माण प्रस्तावित है। इस हिस्से को वायुसेना से सिविल एन्क्लेव के लिए हस्तांतरित किया जाना है। इस चरण की निर्माण निविदाएं 30 मई 2025 को खोली जाएंगी, और जून अंत तक ठेका दे दिया जाएगा। कुल 12 कंपनियों ने निविदा दाखिल की है और चयनित कंपनी को एक वर्ष के भीतर कार्य पूरा करना होगा।
पर्यावरणीय औपचारिकताएं पूरी: 4,000 पेड़ लग चुके
सिविल सोसाइटी ऒफ आगरा के एक प्रतिनिधिमंडल ने दौरा कर परियोजना के बारे में जानकारी हासिल की। पर्यावरणीय जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए 121 पेड़ों का स्थानांतरण किया गया है, जबकि लगभग 300 पेड़ों की कटाई की स्वीकृति प्राप्त की जा चुकी है। यूपी सरकार द्वारा प्रदान की गई 10 एकड़ भूमि पर 3,000 से अधिक पेड़ लगाए जा चुके हैं। डीएफओ आगरा से सिर्फ अंतिम पुष्टि शेष है। इसके अतिरिक्त, 10 जून को पर्यावरणीय जनसुनवाई का आयोजन होगा, जिससे क्लीयरेंस की औपचारिकता पूरी की जा सके।
बाउंड्री वॉल और सड़क निर्माण
राज्य सरकार ने दूसरे चरण के लिए चिन्हित भूमि एयरपोर्ट अथॉरिटी को हस्तांतरित कर दी है। बाउंड्री वॉल का निर्माण प्रारंभ हो चुका है, जिसके लिए 6.28 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस निर्माण से एक ग्रामीण सड़क प्रभावित होगी, जिसके लिए वैकल्पिक सड़क बनाए जाने की योजना तैयार है। ज़िला प्रशासन इसे जल्द शुरू करने की प्रक्रिया में है ताकि मानसून से पहले यह कार्य पूर्ण हो सके।
टर्मिनल भवन को मिल रही बुनियादी संरचना
परियोजना में 400 में से 70 ‘मेट्रो स्टैंडर्ड’ पिलर तैयार हो चुके हैं, जिन पर नया टर्मिनल भवन निर्मित होगा। निर्माण कार्य अब भूतल से ऊपर की दिशा में तेजी से बढ़ेगा।
सटीक सूचना के लिए बोर्ड, जनसहयोग से और बोर्ड लगेंगे
सिविल सोसाइटी ऑफ आगरा के आग्रह पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड लगाया है। समाजसेवी संगठनों की मांग है कि ऐसे बोर्ड शिल्पग्राम (ताजगंज), कलेक्ट्रेट और नगर निगम जैसे स्थानों पर भी लगाए जाएं ताकि आमजन को सटीक जानकारी मिल सके। प्रोजेक्ट मैनेजर ने इस पर सहमति जताई है और आवश्यक जानकारी साझा करने को भी तैयार हैं।
क्लीयरेंस में आ रही रुकावटें दूर कराएं जनप्रतिनिधि
सिविल सोसाइटी ऑफ आगरा ने आगरा के सांसदों, विधायकों और प्रशासकों से आग्रह किया है कि फेस-1 और फेस-2 की क्लीयरेंस में आ रही शेष बाधाओं को दूर करवाएं ताकि परियोजना में कोई विलंब न हो। ग्रामीण अभियंत्रण सेवा से निरंतर संपर्क की आवश्यकता जताई गई है।
बन सकता है प्रदेश का सबसे लाभकारी एयरपोर्ट
स्थानीय नागरिकों और विशेषज्ञों का मानना है कि जब यह एयरपोर्ट बनकर तैयार होगा तो यह प्रदेश का एकमात्र लाभकारी सिविल एयरपोर्ट बन सकता है। वर्तमान में यूपी के अधिकांश सिविल एयरपोर्ट्स भारी घाटे में चल रहे हैं और सिर्फ रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत उड़ानें संचालित हो रही हैं। सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधिमंडल में राजीव सक्सेना, अनिल शर्मा, असलम सलीमी और कांति प्रमुख रूप से शामिल रहे।