मनकामेश्वर स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी, युवक की जेब से मिले 8 जिंदा कारतूस, युवक गिरफ्तार
आगरा। मेट्रो रेल की सख्त सुरक्षा व्यवस्था ने सोमवार देर रात एक संभावित बड़े खतरे को समय रहते टाल दिया। मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन पर नियमित सुरक्षा जांच के दौरान एक युवक की जेब से आठ जिंदा कारतूस बरामद होते ही स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। सुरक्षा स्कैनर में कारतूस जैसी आकृति दिखते ही यूपी स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (UPSSF) के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को तुरंत रोक लिया।

युवक की पहचान 23 वर्षीय मोहित अरेला के रूप में हुई है, जो आगरा के अकबरपुर श्यामो, शमशाबाद रोड स्थित थाना एकता क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। सुरक्षा कर्मियों ने बिना समय गंवाए कंट्रोल रूम और थाना रकाबगंज पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब युवक से पूछताछ की तो वह कारतूसों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या संतोषजनक जवाब पेश नहीं कर सका।
तलाशी के दौरान युवक की जेब से आठ जिंदा कारतूस (.32 SBWL KF) के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड और मनकामेश्वर से ताज ईस्ट गेट तक का मेट्रो टिकट भी बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक इन कारतूसों को कहां से लाया और मेट्रो स्टेशन पर आने का उसका असली मकसद क्या था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मोहित अरेला को मौके से ही हिरासत में लेकर आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है और उसके संपर्कों, पृष्ठभूमि और संभावित इरादों की भी जांच की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि मेट्रो स्टेशन जैसे हाई-सिक्योरिटी और संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह कारतूस के साथ पहुंचना बेहद गंभीर मामला है। यदि जांच में किसी बड़े नेटवर्क या साजिश के संकेत मिलते हैं तो मामले में और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना के बाद मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता और बढ़ा दी गई है।