कंगना रनौत के विरुद्ध राष्ट्रद्रोह रिवीजन याचिका पर कल होगी सुनवाई, जिला जज कोर्ट में है मामला

आगरा। हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के विरुद्ध किसानों के अपमान और राष्ट्रद्रोह के आरोपों को लेकर दायर रिवीजन याचिका पर कल (सोमवार को) आगरा के जिला जज संजय कुमार मलिक की कोर्ट में सुनवाई होगी। यह मामला एक बार फिर कानूनी दृष्टि से महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंच गया है।

Jun 29, 2025 - 19:09
 0
कंगना रनौत के विरुद्ध राष्ट्रद्रोह रिवीजन याचिका पर कल होगी सुनवाई, जिला जज कोर्ट में है मामला

राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा द्वारा यह आरोप लगाया गया था कि कंगना रनौत ने महात्मा गांधी के अहिंसा सिद्धांत का उपहास, 1947 की आजादी को भीख बताकर स्वतंत्रता सेनानियों, किसानों और करोड़ों देशवासियों का मनोरंजनात्मक अपमान किया है, जो राष्ट्रद्रोह की श्रेणी में आता है।

यह शिकायत 11 नवंबर 2024 को स्पेशल कोर्ट एमपी-एमएलए अनुज कुमार सिंह की अदालत में दायर की गई थी, जिसे 6 मई 2025 को खारिज कर दिया गया। इसके विरुद्ध अधिवक्ता शर्मा ने जिला जज की कोर्ट में रिवीजन दायर किया, जिसे 4 जून 2025 को पोषणीय मानते हुए स्वीकार कर लिया गया था।

जिला अदालत ने कंगना रनौत को तीन पते- कत्याल रोड, कुल्लू मनाली (हिमाचल प्रदेश), लोकसभा भवन (नई दिल्ली) एवं 14 जनपथ (नई दिल्ली) पर नोटिस भेजे थे, जो 14 और 18 जून को प्राप्त हो चुके हैं। अब यह देखना होगा कि कंगना रनौत इस अदालती कार्यवाही में क्या पक्ष प्रस्तुत करती हैं।

SP_Singh AURGURU Editor