9.40 करोड़ की जमीन डील में धोखा, आधे पैसे लेकर मुकरा विक्रेता, अब मांग रहा 2 करोड़ की ‘चौथ’
आगरा। ताजनगरी में एक हाई-वैल्यू जमीन सौदे को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। थाना न्यू आगरा क्षेत्र निवासी 54 वर्षीय समीर राणा, निवासी रघुवीर कुंज अपार्टमेंट, ने जमीन खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी और धमकी के मामले में न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि आरोपी पक्ष ने लगभग 9.40 करोड़ रुपये की भूमि का सौदा तय करने के बाद आधी रकम लेने के बावजूद बाकी की जमीन का बैनामा करने से इनकार कर दिया और अब 2 करोड़ रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहे हैं।

पीड़ित समीर राणा के मुताबिक, वर्ष 2016 में आरोपी जगवीर सिंह, नरेश सिंह, नरसिंह और गरे सिंह ने आगरा के मौजा अंगूठा क्षेत्र में स्थित 20 बीघा जमीन बेचने का सौदा तय किया था। सौदे के तहत 10 बीघा जमीन का बैनामा उनकी पत्नी जया राणा के नाम हो चुका था। जबकि शेष 10 बीघा जमीन के लिए 2.53 करोड़ रुपये का भुगतान बैंक खाते के माध्यम से किया जा चुका था। लेकिन इसके बावजूद आरोपी पक्ष ने शेष भूमि का बैनामा करने से मना कर दिया और उल्टा “2 करोड़ रुपये अतिरिक्त देने” की मांग करने लगे।
धमकी और अदालत परिसर में विवाद
पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने पैसे वापस करने या जमीन का बैनामा करने की मांग की, तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और फर्जी मुकदमों में फंसाने की चेतावनी दी। यह विवाद 28 अगस्त 2025 को आगरा दीवानी कचहरी परिसर में भी बढ़ गया, जहां आरोपियों ने खुलेआम “2 करोड़ रुपये की चौथ” की मांग की और धमकी दी कि पैसे न देने पर हत्या कर दी जाएगी।
न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज
समीर राणा ने इस पूरे मामले की शिकायत न्यायालय में की थी। न्यायालय के आदेश के बाद न्यू आगरा थाना पुलिस ने जगवीर सिंह, नरेश सिंह, नरसिंह, गरे सिंह और तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और रंगदारी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपियों ने सौदे के नाम पर कितनी राशि ली और क्या इस जमीन सौदे से जुड़ी कोई अन्य फर्जी डील भी की गई है। फिलहाल पीड़ित परिवार सुरक्षा की गुहार लगा रहा है।