कलवारी के नाले में युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों को हत्या की आशंका

आगरा। शादियों में बेटर का कार्य करने वाले 21 वर्षीय युवक का शव कलवारी चौराहे के नाले में पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

May 6, 2025 - 15:38
 0
कलवारी के नाले में युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों को हत्या की आशंका
शव को कलवारी चौराहे पर रखकर जाम लगाते गुस्साए परिजन और क्षेत्रीय लोग।

परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका व्यक्त की है।

थाना जगदीशपुरा के अवधपुरी क्षेत्र में विलासगंज कलवारी का रहने वाला 21 वर्षीय निलेश उर्फ गोवर्धन रविवार से लापता था। परिवार वाले उसे तलाश कर रहे थे। जिस नाले में से उसका शव बरामद हुआ है, उसके पास शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। 

आज सुबह परिवार के लोगों को निलेश का शव नाले में मिलने की जानकारी मिली तो वे दौड़कर वहां पहुंचे। लोगों ने शव को नाले से बाहर निकाला। परिवारीजन और क्षेत्रीय लोग शव को सड़क पर रख कर विलाप करने लगे। आक्रोशित क्षेत्रीय लोगों ने रास्ता जाम कर दिया। 

सूचना मिलने पर भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने जाम लगा रहे लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।