बरेली बवाल के गवाह को मारने की सुपारी का सनसनीखेज खुलासा, 24 घंटे में सुपारी किलर गिरफ्तार, पीलीभीत का गैंगस्टर निकला शूटर, तमंचा–कारतूस और नकदी बरामद

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। बीते साल 26 सितंबर को बरेली में हुए सांप्रदायिक उपद्रव के एक अहम गवाह की हत्या की साजिश का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। गवाह को कॉन्ट्रैक्ट पर मौत के घाट उतारने के लिए सुपारी लेने वाले शातिर बदमाश फुरकान को बारादरी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, दो जिंदा कारतूस और सुपारी की रकम के 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई।

Jan 4, 2026 - 21:01
 0
बरेली बवाल के गवाह को मारने की सुपारी का सनसनीखेज खुलासा, 24 घंटे में सुपारी किलर गिरफ्तार, पीलीभीत का गैंगस्टर निकला शूटर, तमंचा–कारतूस और नकदी बरामद
बरेली में हुए उपद्रव के अहम गवाह की हत्या की सुपारी लेने वाला बदमाश फुरकान पुलिस के चंगुल में।

रविवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान और सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने संयुक्त प्रेसवार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार, पुराना शहर के चक महमूद निवासी मो. फिरदौस खां उर्फ अंजुम ने 26 सितंबर 2025 को हुए बरेली बवाल के दौरान दंगाइयों की पहचान कर पुलिस व प्रशासन की खुलकर मदद की थी। इसी बात से नाराज कुछ लोग उनसे रंजिश रखने लगे। 18 दिसंबर को फिरदौस को चमगादड़ वाले बाग में घेरकर खुलेआम धमकी दी गई कि 10 लाख रुपये दो, वरना जान से हाथ धो बैठोगे।

कुछ ही दिनों बाद फिरदौस को जानकारी मिली कि उनकी हत्या की 5 लाख रुपये की सुपारी पीलीभीत के कुख्यात बदमाश फुरकान को दे दी गई है। इसके बाद अनजान नंबरों से लगातार धमकी भरे फोन आने लगे। पूरा परिवार दहशत में आ गया और अंततः पुलिस से गुहार लगाई गई।

मामला दर्ज होते ही बारादरी पुलिस सक्रिय हुई और शनिवार देर रात नकटिया क्षेत्र से आरोपी फुरकान को धर दबोचा। जांच में सामने आया कि फुरकान कैंट इलाके में किराए के कमरे में रह रहा था और मारिया फ्रोजन मीट फैक्ट्री के पास चाय का खोखा चलाने की आड़ में गवाह की रेकी कर रहा था।
पुलिस ने पत्नी की मौजूदगी में कमरे की तलाशी ली, जहां एक थैले से तमंचा, दो जिंदा कारतूस और 20 हजार रुपये नकद बरामद हुए।

पूछताछ में फुरकान ने कबूल किया कि जेल में उसकी पहचान आईएमसी से जुड़े कुछ नेताओं से हुई थी, वहीं से गवाह को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। आरोपी ने बताया कि जेल में बंद लोगों के इशारे पर ही उसे सुपारी दी गई थी।

पुलिस के मुताबिक, फुरकान कोई छोटा अपराधी नहीं है। उस पर पीलीभीत और बरेली के विभिन्न थानों में लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित करीब एक दर्जन संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश में दबिश दे रही है।

SP_Singh AURGURU Editor